उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था ठीक हुई है लेकिन कुछ जगहों पर विपक्षी पार्टियां अराजकता फैला रही हैं। बरेली मंडल की कानून व्यवस्था और विकास कार्यों की समीक्षा के लिए यहां आए योगी ने पार्टी कार्यकर्त्ताओं के साथ बैठक की।
जानकारी के अनुसार इस मौके पर उन्होंने कहा कि आप लोग क्षेत्र में जाएं और विपक्षी पार्टियों की करामात से अवगत कराएं। इसका सबसे बेहतर तरीका है कि 3 साल की मोदी सरकार की उपलब्धियों की जानकारी ‘‘मेरा घर, भाजपा का घर’’ अभियान के तहत जनता तक पहुंचाएं। इससे विरोधी बेनकाब हो जाएंगे। योगी ने यह भी कहा कि पार्टी कार्यकर्त्ता धैर्य रखें, सरकार बने अभी 2 महीने हुए हैं। उन्हें सम्मान मिलेगा, जनता को परिवर्तन नजर आएगा।
योगी ने कहा कि हम अराजकता फैलाने वालों से सख्ती से निपटना जानते हैं। उन्होंने कार्यकर्त्ताओं से कहा कि वे अब सत्ता में अधिकारियों के साथ बेहतर रिश्ते बनाएं। उनसे सामंजस्य स्थापित करें ताकि जनता की समस्याओं का निराकरण त्वरित हो। उन्होंने बताया कि गंगा की सफाई अभियान के तहत गंगा के किनारे 1685 गांव हैं, उनमें शौचालय बनाने की योजना है।
आपको दावे से कह रहा हूं कि एक साल के अंदर प्रदेश भर में 24 घंटे बिजली होगी, गांव शहर का कोई भेद नहीं रहेगा। बैठक में उन्होंने कहा कि सभी जिलों में सामान रूप से बिजली की सप्लाई की जाएगी न कि कुछ जिलों को वी.आई.पी. मानकर ज्यादा सप्लाई होगी। गरीब परिवार को फ्री बिजली का कनैक्शन दिया जाएगा। अब जिला योजना का खाका पार्टी जिला संगठन की सहमति से बनेगा। इसके लिए अधिकारियों को आदेश दे दिए गए हैं।


































































