चिकित्सा महाविद्यालय की व्यवस्था और कार्य में सुधार लाने संभागायुक्त के निर्देश

0

जबलपुर  – ईपत्रकार.कॉम |संभागायुक्त आशुतोष अवस्थी ने गत दिवस नेताजी सुभाषचन्द्र बोस चिकित्सा महाविद्यालय के आकस्मिक निरीक्षण के दौरान पाई गर्इं कमियों के लिए अधिष्ठाता के प्रति अप्रसन्नता व्यक्त की है और शासकीय कार्य में सुधार लाने के निर्देश दिए हैं।

संभागायुक्त श्री अवस्थी ने निरीक्षण के दौरान पाया था कि चिकित्सा महाविद्यालय परिसर के अंदर निजी दवा विक्रेता की दवा दुकान संचालित हो रही है। प्रतीत हुआ कि इसमें मेडिकल कॉलेज प्रशासन की सहमति है। जबकि परिसर में दवा दुकान होना शासन के निर्देशों के विरूद्ध है। मेडिकल कालेज चिकित्सालय के डीन का पर्यवेक्षण कार्य संतोषजनक नहीं है। वे समय-समय पर चिकित्सालय तथा महाविद्यालय का भ्रमण नहीं करते हैं। चिकित्सक समय पर अस्पताल नहीं आते हैं। चिकित्सकों तथा पैरामेडिकल स्टाफ की उपस्थिति का व्यवस्थित विवरण दर्ज होना नहीं पाया गया। वार्ड में चिकित्सक सहित अन्य कर्मचारी नेमप्लेट का इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं। जिससे यह स्पष्ट नहीं होता कि ड्यूटी पर कौन चिकित्सक और कर्मचारी उपस्थित है। चिकित्सकों से निर्धारित एप्रेन पहनने की अपेक्षा की गई।

आकस्मिक निरीक्षण के दौरान रेजीडेन्ट डॉक्टर को छोड़कर अन्य डॉक्टर अनुपस्थित पाए गए थे। चिकित्सालय के बाहरी परिसर में काफी गंदगी पाई गई थी जिसकी साफ-सफाई का पर्याप्त इंतजाम किया जाना नहीं पाया गया।

Previous articleइंदौर जिले में 96 हजार उपभोक्तओं के 121 करोड़ रूपये के बिजली बिल माफ
Next articleबच्चियों एवं महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराध मानवता के लिये गंभीर कृत्य है – कमिश्नर श्री उमराव