बालाघाट – ईपत्रकार.कॉम |प्रत्येक मंगलवार को होने वाली जनसुनवाई की कड़ी में आज 10 जुलाई 2018 को कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई का आयोजन किया गया था। इसमें कलेक्टर श्री डी व्ही सिंह ने अपर कलेक्टर श्री शिवगोविंद मरकाम, बालाघाट एसडीएम श्री के सी बोपचे, तहसीलदार श्री एस आर वर्मा एवं अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ आवेदकों की समस्याओं को सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवेदकों के आवेदनों पर त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये। जनसुनवाई में कुल 116 आवेदन प्राप्त हुये है।
जनसुनवाई में वारासिवनी विकासखंड के ग्राम नरोड़ी का बैजनाथ राणा शिकायत लेकर आया था कि उसका परिवार गरीबी रेखा में आता है। उसे पिछले 04 माह से बीपीएल कार्ड पर राशन नहीं मिल रहा है। गांव के कुछ लोगों ने सचिव के पास शिकायत कर उसका बीपीएल राशन कार्ड बंद करा दिया है और उसके स्थान पर काशीराम का नाम जोड़ दिया गया है। उसका राशन कार्ड चालू कर उसे राशन दिलाया जाये। वार्ड क्रमांक-12 बालाघाट की सुशीला बाई विजयवार मकान का पट्टा देने की मांग लेकर आयी थी।
जनसुनवाई में समनापुर की रजला बाई दमाहे शिकायत लेकर आयी थी कि उसके पति की मृत्यु होने के बाद उसके पति के दो भाईयों ने सास-ससुर की पैतृक जमीन उससे छीन लिये है और उसे जान से मारने की धमकी देते है। जिसके कारण उसके सामने अपने बच्चों का पेट पालन भी मुश्किल हो रहा है। अत: उसे पति के हिस्से की जमीन दिलायी जाये और पुलिस सुरक्षा भी दिलायी जाये। वारासिवनी विकासखंड के ग्राम कोचेवाही की छमनबाई चौधरी प्रधानमंत्री आवास योजना में मकान बनाने के लिए सहायता देने की मांग लेकर आयी थी। खैरलांजी विकासखंड के ग्राम मोवाड़ का सुखदास भूरे शिकायत लेकर आया था कि उसे प्रधानमंत्री आवास योजना में आवास स्वीकृत किया गया है। लेकिन उसे अब तक मकान बनाने के लिए किश्त नहीं मिली है। ग्राम पंचायत के कहने पर उसने अपने पुराने जर्जर हो चुके मकान को तोड़ दिया है और अब झोपड़ी अपने परिवार के साथ रहता है। अत: उसे शीघ्र आवास की प्रथम किश्त दिलायी जाये।
नगरीय क्षेत्र बालाघाट के वार्ड क्रमांक-04 देवटोला का गोपीचंद उदयपुरे शिकायत लेकर आया था कि उसका नाम प्रधानमंत्री आवास योजना की सर्वे सूची में आ चुका है। लेकिन उसे राशि नहीं दी जा रही है। जबकि सर्वे सूची के अन्य लोगों को राशि मिल चुकी है और उनके मकान भी बनने लगे है। लालबर्रा विकासखंड के ग्राम जाम का गजानंद भिमटे अपना बीपीएल कार्ड बनाने एवं प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग लेकर आया था।
लालबर्रा विकासखंड के ग्राम जाम का सत्यवान तुलसीकर नसबेदी आपरेशन असफल होने पर मुआवजा दिलाने की मांग लेकर आया था। उसका कहना था कि उसने ऐ पुत्र व एक पुत्री के बाद अपनी पत्नी का नसबंदी आपरेशन 02 जनवरी 2011 को करवाया था। लेकिन यह आपरेशन फेल हो गया और 25 अगस्त 2015 को उसकी पत्नी को दो जुड़वा बच्चे हो गये है। वह बहुत गरीब व्यक्ति है और मजदूरी कर अपना गुजारा करता है। उसने क्षतिपूर्ति राशि के लिए पूर्व में आवेदन किया है, लेकिन उसे अब तक क्षतिपूर्ति राशि नहीं मिली है।
कटंगी विकासखंड के ग्राम खमरिया की नान्ही बाई शनिचरे कपिल धारा कूप की राशि दिलाने की मांग लेकर आयी थी। उसका कहना था कि कूप निर्माण में लगे मजदूरों की राशि मिल गई है। लेकिन उसे कूप निर्माण की राशि नहीं मिली है। अधिकारी कहते है कि चार महिना और लग सकता है। वह बहुत गरीब है और उसे राशि की सख्त जरूरत है। अत: उसे कूप निर्माण की राशि शीघ्र दिलायी जाये।





























































