जीवन वही है, जो दूसरों के लिये जिया जाये-मुख्यमंत्री श्री चौहान

0

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जीवन वही है, जो दूसरों के लिये जिया जाये। ऐसे प्रामाणिक जीवन का सबसे अच्छा मापदण्ड स्वच्छता है। स्वच्छता में ईश्वर, स्वास्थ्य, सुंदरता, आनंद और प्रसन्नता है। उन्होंने आव्हान किया कि स्वच्छता सर्वेक्षण में नम्बर वन बनाने के लिये नागरिकों का योगदान भी नम्बर वन का होना चाहिये। मुख्यमंत्री श्री चौहान आज पॉलिटेक्निक चौराहा पर नगर निगम द्वारा आयोजित चाय पर चर्चा कार्यक्रम में नागरिकों से रू-ब-रू हुए। श्री चौहान ने पॉलिटेक्निक चौराहे पर झाडू लगाकर स्वच्छता अभियान में श्रमदान किया।

श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में स्वच्छता की स्वस्थ प्रतियोगिता का वातावरण निर्मित हुआ है। प्रदेश के महानगरों और नगरों में कड़ी प्रतिस्पर्धा हो रही है। अच्छे कार्य के लिये प्रतियोगिता सार्थक और सुखद है। आस-पास का परिवेश, वातावरण, संस्थान स्वच्छ हो। यह अकेले नगर निगम, सरकार की जिम्मेदारी नहीं है। यह हम सबका परम कर्त्तव्य है। नागरिकों के सहकार से ही स्वच्छता सुनिश्चित होगी।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छता अभियान से स्वच्छता जागरूकता आई है। पिछले वर्ष स्वच्छता सर्वेक्षण में चयनित सौ शहरों में मध्यप्रदेश के 22 नगर थे। पहला स्थान इंदौर का और दूसरा भोपाल का था। स्वच्छता अभियान से नया वातावरण निर्मित हुआ है। लोग इधर-उधर कूड़ा फेंकने में संकोच करने लगे हैं। कहीं भी कूड़ा फेंकने के बजाय उसे रखकर बाद में सही स्थान पर फेंकते हैं। जिम्मेदारी का यह भाव अत्यंत सुखद है। उन्होंने स्वच्छता अभियान में भोपाल के नागरिकों का उत्साह और जुड़ाव की सराहना करते हुए महापौर श्री आलोक शर्मा को बधाई दी।

महापौर श्री आलोक शर्मा ने कहा कि नगर निगम स्वच्छ, सुंदर और विकसित भोपाल बनाने, संकल्पित है। स्वच्छता का अभियान तेजी से जन अभियान बन रहा है। नगर के सभी प्रमुख चौराहों पर विभिन्न वर्गों और व्यावसायिक लोग स्वच्छता संकल्प को प्रदर्शित करने के लिये श्रमदान कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पॉलिटेक्निक चौराहा पर नर्सिंग होम एसोसियेशन के सदस्य चिकित्सकों द्वारा श्रमदान किया जा रहा है। इसी तरह एडव्होकेट आदि भी अन्य चौराहों पर श्रमदान कर रहे हैं।

कार्यक्रम के प्रारंभ में बालिकाओं ने स्वागत गीत की प्रस्तुति दी। फिल्म शोले के रूपांतरित प्रसंगों के द्वारा स्वच्छता संदेशों पर आधारित नाटिका का मंचन हुआ। नगर निगम आयुक्त श्रीमती प्रियंका दास, नर्सिंग होम एसोसियेशन के सदस्य, नागरिक और स्कूली बच्चों ने उपस्थित होकर श्रमदान किया।

Previous articleसेहत के लिए बेहत फायदेमंद है मंदिर में घंटी में बजाना
Next articleनवंबर में ही भागने का प्लान बना चुके थे PNB घोटाले के आरोपी नीरव-मेहुल

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here