जबलपुर – ईपत्रकार.कॉम |प्रदेश के नि:शक्तजन आयुक्त संदीप रजक ने दिव्यांगों के लिए सभी मतदान केन्द्रों पर बाधारहित वातावरण उपलब्ध कराये जाने की जरूरत बताई हैं। उन्होंने कहा है कि विधानसभा के आगामी चुनाव में दिव्यांगजन अपने मताधिकार का सहजता से इस्तेमाल कर सकें इसके लिए मतदान केन्द्रों पर रैम्प, रेलिंग और व्हीलचेयर जैसी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करनी होगी।
श्री रजक आज कलेक्टर कार्यालय में दिव्यांगों को मतदान केन्द्रों पर उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की जानकारी ले रहे थे। बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर श्रीमती छवि भारद्वाज, प्रभारी संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण आशीष दीक्षित एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
नि:शक्तजन आयुक्त ने इस अवसर पर मतदान केन्द्रों पर दृष्टिबाधितों के लिए ब्रेल लिपि में तथा श्रवणबाधितों हेतु साइन लेंग्वेज में निर्देशिका की उपलब्धता पर बल दिया। बैठक में कलेक्टर श्रीमती भारद्वाज ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा के लिए जिले में स्थित प्रत्येक मतदान केन्द्र पर रैम्प, रैलिंग, व्हीलचेयर एवं अन्य सभी सुविधायें उपलब्ध कराई जायेंगी ताकि वे सहजता से अपने मताधिकार का उपयोग कर सकें।
































































