नरसिंहपुर – (ईपत्रकार.कॉम) |राज्य शासन के निर्देशानुसार नर्मदा नदी में रेत खनिज का अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण रोकने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। गोटेगांव की राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा गुरूवार की रात्रि को नर्मदा नदी के जमुनिया घाट और गांगई क्षेत्र में निरीक्षण किया गया और सघन जांच की गई। शुक्रवार को कलेक्टर दीपक सक्सेना और पुलिस अधीक्षक डीएस भदौरिया ने नर्मदा तट के जमुनिया व गांगई क्षेत्र का भ्रमण किया। उन्होंने दोनों स्थलों पर दूर तक पैदल चलकर नर्मदा तट पर मशीनों द्वारा किये गये उत्खनन और रेत का स्टाक देखा।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम मो. शाहिद खान, एसडीओपी पीएस वालरे, खनिज अधिकारी श्री बघेल, खनिज निरीक्षक अनूपमा सिंह और पुलिस बल भी मौजूद था।
जमुनिया व गंगई क्षेत्र में अवैध उत्खनन के निरीक्षण के दौरान तीन पोकलेन मशीन और अवैध उत्खनन की सामग्री ड्रम, पाईप आदि जप्त किये गये। एक पोकलेन मशीन जमुनिया क्षेत्र में और दो पोकलेन मशीनें गंगई क्षेत्र में जप्त की गई।
कलेक्टर दीपक सक्सेना ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि अवैध उत्खनन, परिवहन भंडारण करने वालों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई की जाये। इसके लिए सभी आवश्यक कदम उठाये जायें। जिले में किसी भी स्थिति में रेत खनिज का अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण नहीं होना चाहिए। शासन के निर्धारित प्रावधानों और दिशा- निर्देशों के अनुरूप ही रेत का खनन हो। इस बारे में कोई भी ढिलाई या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जायेगी। कलेक्टर ने कहा कि जिस जमीन पर रेत का अवैध स्टाक किया जाता है, उस जमीन के मालिक के विरूद्ध भी प्रकरण बनाये जायें कि अवैध रेत का स्टाक उसकी जमीन पर क्यो हो रहा है।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कहा कि भारी मशीनों से नर्मदा नदी के बीच पानी से अवैध उत्खनन करने के कारण पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है। नर्मदा के स्वरूप को क्षति पहुंच रही है। अवैध उत्खनन सख्ती से रोका जायेगा और अवैध उत्खनन करने वालों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जायेगी।





























































