विधानसभा अध्यक्ष श्री प्रजापति ने केन्द्रीय जेल में किया गोबर गैस एवं गोविंद काष्ठ निर्माण इकाई का शुभारंभ

0

नरसिंहपुर  – (ईपत्रकार.कॉम) |मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष श्री नर्मदा प्रसाद प्रजापति ने केन्द्रीय जेल नरसिंहपुर में कामधेनु ऊर्जा केन्द्र के रूप में गोबर गैस एवं गोविंद काष्ठ निर्माण इकाई का शुभारंभ सोमवार को किया। आदर्श गौशाला समिति केन्द्रीय जेल के अंतर्गत यह इकाई जेल परिसर में कार्य करेगी।

उल्लेखनीय है कि समाज सेवी रवीन्द्र पटैल ने आदर्श गौशाला समिति को 50 हजार रूपये दान दिये थे। इस राशि में कुछ राशि और मिलाकर गोबर से गौकाष्ठ (लकड़ी) निर्माण करने वाली मशीन पटियाला से खरीदी गई। इस मशीन से जेल के बंदियों को काम मिलेगा, वे आत्मनिर्भर बनेंगे और उनका पुनर्वास होगा। प्राकृतिक लकड़ी का उपयोग नहीं होने से पेड़ों को बचाने में मदद मिलेगी। शव के अंतिम संस्कार के लिए लकड़ी के स्थान पर गौकाष्ठ बेहतर विकल्प हो सकेगा।

राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त रोशनलाल विश्वकर्मा ने हस्तचलित मशीन बनाकर जेल के लिए दान में दी है। इस मशीन से गोबर के साथ कुछ मिट्टी, नीम की पत्ती आदि मिलाकर दीपक एवं इकोफ्रेंडली गमले भी बनाये जा रहे हैं। केन्द्रीय जेल में गौकाष्ठ इकाई एवं हस्तचलित मशीन से वातावरण को शुद्ध करने में मदद मिलेगी और बंदियों को काम मिलेगा।

गौशाला के लिए 5 लाख रूपये देने की घोषणा
इस मौके पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष श्री प्रजापति ने कहा कि केन्द्रीय जेल में गौकाष्ठ इकाई की स्थापना अच्छी सोच के साथ की गई अच्छी पहल है। इससे जेल के बंदियों को काम मिलेगा और आमदनी होगी। उन्होंने कैदियों से कहा कि वे अपने जीवन को नये रूप में संवारे। श्री प्रजापति ने केन्द्रीय जेल में गौशाला के विकास के लिए विधानसभा अध्यक्ष की निधि से 5 लाख रूपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि जेल परिसर में अच्छी गौशाला विकसित की जाये। गौमाता के लिए 4- 5 एकड़ में चारागाह विकसित किया जाये, इसमें बरसीम, घास आदि लगाई जाये, ट्यूबवेल की व्यवस्था की जाये। इसकी घेराबंदी की जाये। इस इकाई के सुचारू संचालन के लिए पशु पालन करने वाले बड़े किसानों और दूध डेयरी वालों से भी सम्पर्क किया जाना चाहिये।

श्री प्रजापति ने जेल परिसर की दीवार से 10 फुट दूर तारबाड़ी करके पेड़ लगाने की बात कही। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रबंध किये जायें कि जेल परिसर में हरियाली और प्राकृतिक सौंदर्य हो। यहां अच्छा बगीचा लगे, सब्जियों का उत्पादन हो। इसके लिए सकारात्मक सोच के साथ सबको मिलकर सार्थक पहल करना होगी। उन्होंने गोबर के गमलों को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

रवीन्द्र पटैल ने गौपालन एवं गौसेवा के फायदे बताये। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप गौशालाओं को प्रोत्साहन देने से न केवल पर्यावरण संरक्षण ही होगा, बल्कि लोगों को काम भी मिलेगा।

जेल अधीक्षक शैफाली तिवारी ने केन्द्रीय जेल के कैदियों के पुनर्वास और वोकेशनल ट्रेनिंग के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अच्छे आचरण वाले 20 कैदियों को कृषि और गौसेवा से जोड़ा गया है।

इस अवसर पर कलेक्टर दीपक सक्सेना, पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरन सिंह, मैथिलीशरण तिवारी, चौ. चंद्रशेखर साहू, नरेन्द्र राजपूत, जेलर अनिल अग्रवाल, डॉ. वैभव तिवारी, आलोक जैन, अन्य जनप्रतिनिधि, गौशाला समिति के सदस्य और नागरिक मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन दीपक अग्निहोत्री और आभार प्रदर्शन सीबी नेमा ने किया। विधानसभा अध्यक्ष ने गोबर गैस एवं गोविंद काष्ठ निर्माण इकाई में योगदान देने वाले रवीन्द्र पटैल एवं रोशनलाल विश्वकर्मा को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। यहां विधानसभा अध्यक्ष ने गौशाला में गौ पूजन भी किया।

Previous articleअहमदाबाद में PM मोदी बोले- भक्त पहलवान तो भगवान हनुमान
Next articleसरकार ने हमें संकट से उबार दिया, छोटे किसानों के लिये बड़ा सहारा बनी कर्ज माफी