नागरिकों को उनकी पात्रतानुसार शासकीय योजनाओं का लाभ दिलायें

0

खण्डवा  – ईपत्रकार.कॉम |प्रदेश के चिन्हित आकांक्षी जिलों में केन्द्र सरकार की योजनाओं के पर्यवेक्षण के लिए भारत सरकार द्वारा भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारियों को नोडल अधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया है। खण्डवा जिले के लिए केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष श्री एस.पी.एस. परिहार को नोडल अधिकारी बनाया गया है। श्री परिहार ने बुधवार को ओंकारेश्वर स्थित एनएचडीसी कार्यालय के सभाकक्ष में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, सौभाग्य योजना, प्रधानमंत्री जनधन योजना, जीवन ज्योति योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना सहित विभिन्न योजनाओं, की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने इस अवसर पर अधिकारियों से कहा कि सभी नागरिकों को उनकी पात्रता के अनुसार सरकार की योजना का लाभ दिलाया जाये। इस अवसर पर कलेक्टर श्री विशेष गढ़पाले, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्यानिकी, ग्रामीण विकास, लीड बैंक अधिकारी व विभिन्न विभागों के जिला अधिकारीगण मौजूद थे।

बैठक में श्री परिहार ने कहा कि अधिकारियों की मेहनत के कारण खण्डवा जिले की रेंक आकांक्षी जिलों में लगातार सुधर रही है। उन्होंने और अधिक प्रयास किए जाने की आवश्यकता बताई तथा सभी अधिकारियों से कहा कि वे अपनी-अपनी विभागीय योजनाओं में सर्वश्रेष्ठ करने का प्रयास करें। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को संस्थागत प्रसव को शत प्रतिशत करने के निर्देश दिए। उन्होंने नीति आयोग के एक-एक सूचकांको पर चर्चा कर अधिकारियों से फीडबैक लिए। उन्होंने जिले में हो रहे नीति आयोग के कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि जो उपलब्धि हुई है व सराहनीय है, लेकिन इसके लिए निरंतर जारी रखना होगा। श्री परिहार ने स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास के अधिकारियों से चर्चा की, तथा जिले में आंगनवाड़ी केन्द्रों व ग्राम आरोग्य केन्द्रो की व्यवस्था में हुए सुधार की प्रशंसा की।

इस दौरान कलेक्टर श्री गढ़पाले ने आकांक्षी जिलों के मूल्यांकन में शामिल सभी विभागों के संबंध में विस्तार से प्रजेन्टेशन दिया तथा बताया कि गत महीनों में नीति आयोग की वेबसाइट चेम्पियन्स ऑफ चेंज में प्रदर्शित मूल्यांकन में खण्डवा जिले की स्थिति निरंतर सुधर रही है। पिछले 2-3 माह से खण्डवा जिला देश में तीसरे स्थान पर आ गया है। उन्होंने बताया कि कुछ विभागों व सेवाओं के मामले में खण्डवा जिला देश के पहले स्थान पर है। कलेक्टर श्री गढ़पाले ने इस दौरान बताया कि जिले में शिक्षकों के रिक्त पद होने से विद्यार्थियों के अध्यापन का कार्य प्रभावित न हो इसके लिए ज्ञान सेतु ऑडियो, वीडियो लेक्चर्स तैयार कराये गये तथा रेडिया व टीवी के माध्यम से विद्यार्थियों को स्कूल में अध्यापन कराया गया, जिससे जिले में शिक्षा के स्तर में उल्लेखनीय सुधार आया है।

Previous articleअवैध रूप से संचालित केमिकल फेक्ट्रियों को किया सील
Next articleमुख्यमंत्री फसल ऋण माफी योजना का का प्रभावी क्रियान्वयन करे श्री चौधरी