निजी इंजीनियरिंग कॉलेजों में भी दिलाएं महिलाओं को कौशल उन्नयन प्रशिक्षण

0

ग्वालियर  – ईपत्रकार.कॉम |सरकारी तकनीकी संस्थाओं के साथ-साथ निजी इंजीनियरिंग कॉलेजों के माध्यम से भी महिलाओं को कौशल उन्नयन प्रशिक्षण दिलाएं। खासतौर पर मुख्यमंत्री कौशल्या योजना के तहत चिन्हित की गईं महिलाओं को निजी इंजीनियरिंग कॉलेजों में प्रशिक्षित कराने का प्रस्ताव जल्द से जल्द शासन को भेजें, जिससे इस योजना के तहत चिन्हित सभी महिलाओं को प्रशिक्षण मिल सके। इस आशय के निर्देश कलेक्टर श्री भरत यादव ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान एवं महिला शक्ति केन्द्र की जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति की बैठक में दिए।

बुधवार को यहाँ कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित हुई बैठक में कलेक्टर श्री यादव ने कहा कि ग्वालियर शहर में बेटियों के प्रति सकारात्मक वातावरण निर्मित करने के लिये शहर के चौराहों को महिला सशक्तिकरण की थीम पर विकसित करें। उन्होंने नगर निगम द्वारा कबाड़ से जुगाड़ के तहत अनुपयोगी सामान से चौराहों पर लगाई जा रहीं सुंदर – सुंदर कलाकृतियों की तरह महिला सशक्तिकरण थीम पर कलाकृतियां लगाने के लिये नगर निगम के अधिकारियों से कहा। इसी तरह विभिन्न सार्वजनिक दीवारों पर पेंटिंग कराने के निर्देश भी उन्होंने दिए।

कलेक्टर श्री यादव ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत मैराथन दौड़ कराने और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में अच्छा काम कर रहे समाजसेवियों को गणतंत्र दिवस के अवसर पर सम्मानित कराने के निर्देश जिला कार्यक्रम अधिकारी को दिए। श्री यादव ने ग्रामीण क्षेत्र से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत प्रतिभावान बालिकाओं में से नवीन ब्राण्ड एम्बेसडर चुनने की कार्रवाई जल्द से जल्द पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में पीसीपीएनडीटी एक्ट के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए कलेक्टर ने कहा कि फार्म-एफ की बारीकी से जाँच की जाए। साथ ही अल्ट्रासाउण्ड मशीनों में लगे ट्रैकर की नियमित निगरानी रखें। पोक्सो, साइबर क्राईम, सेफ सिटी व आत्मरक्षा पर कार्यशालाएं सहित महिला सशक्तिकरण से संबंधित अन्य योजनाओं की बैठक में विस्तार से समीक्षा की गई।

इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्री राजीव सिंह, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मृदुल सक्सेना, जिला महिला सशक्तिकरण अधिकारी श्री शालीन शर्मा, जिले के बाल विकास परियोजना अधिकारी तथा टास्क फोर्स के अन्य सदस्यगण मौजूद थे।

Previous articleआनंद उत्‍सव की गतिविधियां 14 जनवरी से
Next articleबच्चों को जानलेवा बीमारियों से बचाने में एमआर टीका सक्षम और सुरक्षित-कलेक्टर