अब तक आपने पाकिस्तान की सवारियों से ओवरलोडेड गाड़ियां देखी होंगी लेकिन अब पाकिस्तान में ओवरलोडेड हवाईजहाज भी सामने आया है। यह मामला पाकिस्तान इंटरनैशनल एयरलाइंस (PIA) से जुड़ा है। जानकारी के मुताबिक बीते कई सालों से खराब स्थिति में चल रही पाकिस्तान एयरलाइंस की हाल ही में सऊदी अरब की एक फ्लाइट फुल होने के बाद भी उसमें 7 एक्स्ट्रा यात्रियों ने सफर किया। इन यात्रियों ने प्लेन के गलियारे में खड़े-खड़े यह सफर किया।
20 जनवरी को भरी गई इस उड़ान की जानकारी एयरलाइंस के प्रवक्ता ने एक मीडिया हाउस को दी तब इस मामले की पुष्टि हुई। करीब साढ़े चार घंटे की यह फ्लाइट पाकिस्तान के कराची से सऊदी अरब के मदीना के लिए थी। पाकिस्तान के एक अखबार में छपी रिपोर्ट के मुताबिक इन एक्स्ट्रा यात्रियों को हाथ से लिखे बोर्डिंग पास दिए गए, जिसे लेकर इन्होंने उड़ान भरी।
पाकिस्तान के डॉन अखबार से हुई बातचीत में फ्लाइट के कैप्टन अनवर आदिल ने बताया कि अतिरिक्त यात्रियों के विषय में खुद उनको भी कोई जानकारी नहीं थी। फ्लाइट के टेक ऑफ करने के बाद उन्हें इसकी जानकारी दी गई। चूंकि प्लेन ने तुरंत ही उड़ान भरी थी इसलिए तत्काल लैंडिंग भी नहीं कराई जा सकती थी। तत्काल लैंडिंग से एक तो ज्यादा ईंधन खर्च होता और ऊपर से यह एयरलाइंस के लिए भी ठीक नहीं होता।
इतना ही नहीं, इस फ्लाइट में इमर्जेंसी के लिए पर्याप्त ऑक्सिजन मास्क और बाकी सेफ्टी डिवाइसेज भी नहीं थे। रिपोर्ट के मुताबिक यह पहला मामला है जब किसी फ्लाइट पर क्षमता से ज्यादा यात्रियों ने सफर किया हो। फ्लाइट की क्षमता 409 सीटों की थी जिसमें 416 यात्रियों ने सफर किया। यह जानकारी सामने आने पर सिविल एविएशन अथॉरिटी पर यात्रियों की जान खतरे में डालने का आरोप लग रहा है। पाकिस्तान एयरलाइंस के प्रवक्ता दान्याल गिलानी ने कहा कि मामले की जांच जारी है और दोषियों पर उचित ऐक्शन लिया जाएगा।






























































