त्रिपुरा में भारतीय जनता पार्टी की नई सरकार ने शुक्रवार को शपथ ली. बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बिप्लब देब ने राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, उनके साथ जिष्णु देव वर्मा ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली. शपथ ग्रहण के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने रैली को संबोधित किया.
रैली में अमित शाह ने कहा कि त्रिपुरा में पीएम मोदी के नेतृत्व में जो विश्वास रखा है. मैं भरोसा देता हूं कि हमारी टीम त्रिपुरा को मॉडल राज्य बनाएगी. त्रिपुरा की जनता इसी क्षण का इंतजार कर रही थी. त्रिपुरा शांति और विकास के मार्ग पर आगे बढ़ेगा. पूर्वोत्तर में आठ में से सात राज्यों में अब बीजेपी की सरकार है. केंद्र सरकार ने पूर्वोत्तर के विकास का ध्यान दिया, पीएम खुद हर राज्य में गए हैं. मोरारजी देसाई के बाद पीएम मोदी ने ही नॉर्थ ईस्ट में आकर बैठक की. अमित शाह ने कहा कि 2014 के बाद नॉर्थ ईस्ट में शांति फैली है.
बिप्लब देब ने सीएम पद की शपथ लेने के बाद कहा कि राज्य में बीजेपी की जीत के पीछे सुनील देवधर, हेमंत शर्मा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह की मेहनत है. उन्होंने कहा कि त्रिपुरा में बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में सरकार चलाएंगे.





























































