मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने नर्मदा संरक्षण का जो बीड़ा उठाया है, उसमें लगातार लोग स्वेच्छा से जुड़ते जा रहे हैं। बड़वानी जिले के ग्राम लोहारा में आज ”नमामि देवि नर्मदे”- सेवा यात्रा के 65 वें दिन जन-सैलाब उमड़ा। यात्रा की अगवानी सांसद श्री सुभाष पटेल, मध्यप्रदेश खनिज विकास निगम के अध्यक्ष श्री शिव चौबे, अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष एवं बड़वानी जिले के यात्रा प्रभारी श्री भूपेन्द्र सिंह आर्य ने की।
कल 15 फरवरी, 2017 को मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ग्राम मोहिपुरा पहुँचकर नर्मदा सेवा यात्रा में शामिल होंगे।
खनिज विकास निगम अध्यक्ष श्री शिब चौबे ने कहा कि नर्मदा को स्वच्छ और सुंदर रखने के लिए मुख्यमंत्री के प्रयासों को अपनाने में लोगों को तनिक भी संकोच नहीं हो रहा है। नर्मदा के दोनों तटों पर पौधरोपण करने के लिये स्थानीय नागरिक बड़ी सहजता से आगे आ रहे हैं। नर्मदा के संरक्षण की अलख जगाई में सबका साथ लगातार देखने को मिल रहा है। श्री चौबे ने उपस्थित जन-समुदाय को नर्मदा के संरक्षण की शपथ दिलाई।
यात्रा बड़वानी जिले के तटीय ग्रामों से होते हुए ग्राम ब्राह्मणगाँव, विश्वनाथ खेड़ा, चैनपुरा, चिचली, टिटगारिया खेड़ा एवं नलवाया होते हुए ग्राम लोहारा के नर्मदा तट पर भव्य कलश शोभा यात्रा के साथ पहुँची। ग्राम लोहारा पहुँचने पर स्थानीय नागरिकों द्वारा पुष्प वर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। यहाँ माँ नर्मदा के तट पर स्कूली छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी। माँ नर्मदा देवी के कलश और यात्रा ध्वज पूजन के बाद जन-समूह द्वारा महाआरती की गई। ग्राम लोहारा में यात्रा रात्रि विश्राम करेगी। पूर्व विधायक सर्वश्री देवी सिंह पटेल एवं प्रेम सिंह पटेल तथा बड़ी संख्या में समाजसेवी उपस्थित रहे।



































































