भारत में फिल्म प्रीमियर अक्सर बॉलीवुड सितारों के लिए आयोजित किए जाते हैं, लेकिन दिग्गज क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने अपने जीवन पर बनी फिल्म ‘सचिन : अ बिलियन ड्रीम्स’ का प्रीमियर भारतीय सशस्त्र बलों के लिए आयोजित करने का निर्णय किया है। फिल्म की स्क्रीनिंग शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित होगी।
तेंदुलकर ने कहा, “हम यहां फिल्म का प्रीमियर कर रहे हैं। हम भारतीय सशस्त्र बलों के लिए फिल्म की पहली विशेष स्क्रीनिंग करने जा रहे हैं। यह सब उन्हें ‘बड़ा धन्यवाद’ कहने का एक तरीका है, जो वे हमारे लिए करते हैं।”
जेम्स अस्र्किन द्वारा निर्देशित ‘सचिन : अ बिलियन ड्रीम्स’ मे तेंदुलकर के बचपन से लेकर क्रिकेट दिग्गज बनने तक की कहानी को दर्शाया गया है। यह फिल्म 26 मई को रिलीज होगी। इसे केरल और छत्तीसगढ़ में पहले ही कर मुक्त घोषित कर दिया गया है।






























































