मतदान केन्द्रों के युक्तियुक्तिकरण के संबंध में लिए सुझाव

0

ग्वालियर – ईपत्रकार.कॉम |ग्वालियर जिले में भी भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत मतदान केन्द्रों के युक्तियुक्तिकरण और मतदाता सूचियों को अद्यतन करने का काम जारी है। इस सिलसिले में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी स्टेंडिंग कमेटी की बैठक के माध्यम से इस कार्य की जानकारी दी गई। साथ ही उनके सुझाव भी लिए गए।

गुरूवार को यहाँ कलेक्ट्रेट में अपर कलेक्टर श्री दिनेश श्रीवास्तव की अध्यक्षता में स्टेंडिंग कमेटी की बैठक आयोजित हुई। बैठक में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को बताया गया कि निर्वाचक नामावलियों में नए मतदाता जोड़ने के बाद जिन केन्द्रों में 1350 से अधिक मतदाता हो गए हैं, वहाँ नए मतदान केन्द्र बनाए जा रहे हैं। जिले में ऐसे 47 मतदान केन्द्र निकलकर सामने आए हैं। राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि इन मतदान केन्द्रों के युक्तियुक्तिकरण के संबंध में अपने सुझाव दे सकते हैं।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अश्विनी रावत द्वारा राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को यह भी बताया गया कि निर्वाचक नामावलियों के अद्यतनीकरण कार्यक्रम के तहत मतदाता सूचियों से ऐसे मतदाताओं के नाम हटाए जा रहे हैं, जो अनुपस्थित, स्थानांतरित अथवा मृत हो गए हैं। राजनैतिक दलों के प्रतिनिधिगण भी इस कार्य में सहयोग करें।

बैठक में बताया गया कि विधानसभा क्षेत्र ग्वालियर ग्रामीण के अंतर्गत एक मतदान केन्द्र, ग्वालियर में 19, ग्वालियर पूर्व में एक, ग्वालियर दक्षिण में 20 एवं विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र भितरवार में 6 मतदान केन्द्रों का युक्तियुक्तिकरण किया जाना है।
बैठक में सर्वश्री अरूण कुलश्रेष्ठ, गीतेन्द्र सिंह कुशवाह व श्री मकसूद खान सहित मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के अन्य प्रतिनिधिगण मौजूद थे।

Previous articleकिसान पुत्र गाँव में रहकर उद्यमी बने – श्री नागर
Next articleस्वास्थ्य विभाग की योजनाओं की जानकारी ऑनलाइन फीड कर उनकी प्रगति की नियमित समीक्षा करें-कलेक्टर

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here