मध्यान्ह भोज निगरानी टीम एक सप्ताह के अन्दर प्रस्तुत करें प्रतिवेदन – कलेक्टर

0

पूरी जानकारी और अद्यतन आंकडों के साथ ही बैठक में उपस्थित होवें। समयसीमा प्रकरणो का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर गंभीरतापूर्वक किया जाए। अधिकारी समयसीमा बैठक को औपचारिकता न समझें। यह निर्देश कलेक्टर जे.पी. आईरीन सिंथिया ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय सीमा प्रकरणों की समीक्षा बैठक के दौरान दिए। बैठक में कलेक्टर ने जनसुनवाई, शिकायत, जनप्रतिनिधि पत्रों, सीएम हेल्पलाईन प्रकरणों तथा विभागों से संबंधित अन्य समसमायिक प्रकरणों के निराकरण की भी विभागवार विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने विभागों को झण्डा दिवस की राशि तत्काल नगद या डिमाण्ड ड्राफ्ट के माध्यम से सैनिक कल्याण कोष के खाते में जमा करने के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर ने कहा कि जनसुनवाई के पुराने सभी प्रकरण शत प्रतिशत निराकृत हो जाने चाहिए। सप्ताहभर में शून्य निराकरण किसी भी स्थिति में स्वीकार नही किया जाएग। समीक्षा बैठकों में नियमित उपस्थित न रहने वाले अधिकारियों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि यह कृत्य दोहराए जाने पर संबंधितों के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी। ठोस कारण होने पर ही अधिकारी अपने प्रतिनिधि को बैठकों में भेजे। कलेक्टर ने कहा कि पिछले माह तक के लंबित समयसीमा प्रकरणों का निराकरण शीघ्र कराएं। अधिकारी अपने अधीनस्थों के कार्यो की नियमित समीक्षा करें। उन्होंने सीएम हेल्पलाईन प्रकरणों का पूर्ण निराकरण एल-1 स्तर पर ही किए जाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि इसके लिए विभाग प्रमुख अभियान चलाकर नियमित सीएम हेल्पलाईन पोर्टल पर निगरानी रखें तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर एल-1 में ही तर्कपूर्ण निराकरण कराएं।

कलेक्टर ने अनुविभागीय अधिकारियों राजस्व को निर्देश देते हुए कहा कि जनभागी द्वारा निर्मित अपूर्ण दुकानों का निर्माण शीघ्र पूर्ण कराएं। सार्वजनिक रास्तों पर किए गए अतिक्रमण हटवाने की कार्यवाही तत्काल करें। राजस्व के सभी प्रकरण तीन दिवस के अन्दर स्केन कराएं। उन्होंने शासकीय परिसम्पत्तियों को ऑनलाईन खसरे में दर्ज कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि भूअर्जन के नये प्रकरणों को भी अमल होने के बाद तत्काल अभिलेखों में अद्यतन कराएं। इसी तरह एमपीआरडीसी की सडकों को भी खसरे में दर्ज करने हेतु प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। कलेक्टर ने मुख्य नगरपालिका अधिकारियों तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारियों जनपद पंचायत को निर्देश देते हुए कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन पोर्टल पर संभावित पात्रों में से पात्र-अपात्र सत्यापन कार्य 3 दिन के अंदर पूर्ण कराएं। मुख्य नगरपालिका अधिकारी पवई द्वारा शत प्रतिशत सत्यापन का ऑनलाईन डेटा अद्यतन कर लिए जाने पर कलेक्टर ने बधाई दी। कलेक्टर ने कहा कि पेंशन हितग्राहियों के खाते में प्रायोगिक तौर पर किए गए एक रूपये ट्रांसफर के दौरान फेल्ड ट्रांजेक्शनों में हितग्राहियों के खातों का सत्यापन शीघ्र पूर्ण कराएं। किसी भी तरह की त्रुटि से बचने के लिए हितग्राहियों की खाता पासबुक की प्रतिलिपि प्राप्त कर सही खाते पोर्टल पर दर्ज कराएं। उन्होंने खाद्य विभाग के पोर्टल पर की जा रही आधार सीडिंग में प्रगति लाने के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर ने कहा कि जिले की शालाओं में मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता पर निगरानी रखने के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत द्वारा प्रत्येक विकासखण्ड में अधिकारियों की टीम गठित की गयी है। संबंधित अधिकारी अपने क्षेत्र की शालाओं में मध्यान्ह भोजन का निरीक्षण कर प्रतिवेदन एक सप्ताह के भीतर अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करें। संनिर्माण कर्मकार मंडल के अन्तर्गत श्रमिक पंजीयन का कार्य मुख्य नगरपालिका अधिकारी देवेन्द्रनगर, अमानगंज तथा पवई द्वारा शत प्रतिशत कर लिया गया है। इस पर बधाई देते हुए कलेक्टर ने अन्य जनपदों तथा नगर परिषदों को भी शीघ्र शत प्रतिशत पंजीयन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनश्री बीमा एवं आम आदमी बीमा में सत्यापन उपरांत स्वीकृत किए जा चुके प्रकरण भी ऑनलाईन अग्रेषित नही किए गए हैं। संबंधित अधिकारी तत्काल इन प्रकरणों को ऑनलाईन वरिष्ठ कार्यालय अग्रेषित करना सुनिश्चित करें। प्रधानमंत्री आवासों में प्रथम किश्त वितरण के लिए एक भी प्रकरण शेष नही रहना चाहिए। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को आबादी घोषित करने हेतु संभावित क्षेत्रों के प्रस्ताव तैयार कर भेजने के निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर अनिल खरे, जिला पंचायत के परियोजना अधिकारी चन्द्रसेन सिंह, सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, मुख्य नगरपालिका अधिकारी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Previous articleसीएम हेल्पलाइन के प्रकरण अधिकारी सुबह-शाम देखें और निराकरण करवायें- कलेक्टर डॉ. शर्मा
Next articleअधिक से अधिक भुगतान ऑन-लाईन किया जाये-कलेक्टर श्रीमती प्रियंका दास

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here