रवीना टंडन ने की पीएम की तारीफ़, विरोध करने वालों को दी नसीहत

0

मुंबई: नोटबंदी पर समूचे देश में मचे कोहराम के बीच फिल्म एक्ट्रैस रवीना टंडन ने इस मुद्दे पर पीएम नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार की तारीफ़ करते हुए इसे बेहद अच्छा कदम बताया है। रवीना ने इस मुद्दे पर पीएम मोदी का बचाव करते हुए कहा है कि उनका फैसला भ्रष्टाचार के खात्मे में एक बड़ा कदम साबित होगा।

रवीना के मुताबिक़ लोगों को फौरी तौर पर थोड़ी परेशानी ज़रूर हो रही है, लेकिन एक बड़े मकसद को अंजाम तक पहुंचाने के लिए लोगों को इसमें नाराज़गी नही जतानी चाहिए और सरकार की पूरी मदद करनी चाहिए।

यूपी के कौशाम्बी ज़िले में एक फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में पहुंची रवीना टंडन ने नोटबंदी के फैसले का स्वागत करते हुए इसे ऐतिहासिक कदम बताया, वहीं उन्होंने इस बहाने कांग्रेस पार्टी पर भी जमकर निशाना साधा। रवीना के मुताबिक देश साठ सालों तक भगवान भरोसे चल रहा था, लेकिन पहली बार कोई सरकार लोगों की उम्मीदों के मुताबिक़ काम कर रही है।

उन्होंने नोटबंदी से परेशान लोगों द्वारा किए जा रहे हंगामे को गलत करार देते हुए कहा कि अमेरिका में लोग वीजा पाने के लिए चार-पांच दिनों तक सुबह से शाम लाइन में लगे रहते हैं, लेकिन इसके बावजूद वीजा नहीं मिलने पर नाराज़ नहीं होते। रवीना ने विरोध करने वालों को नसीहत देते हुए कहा कि लोगों को पीएम के वादे पर ऐतबार करना चाहिए।

अगर हफ्ते दस दिन बाद भी हालात न सुधरें, तभी उन्हें विरोध करना चाहिए। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा लाइन में लगकर नोट बदलने पर रवीना ने कहा कि यह अच्छी बात है कि सभी को ग्राउंड रियलिटी याद आ गई है। उनके मुताबिक अकेले वह ही नहीं बल्कि फिल्म इंडस्ट्रीज के ज़्यादातर लोग इस मुद्दे पर पीएम मोदी के साथ हैं क्योंकि यह देश के सुधार व तरक्की के लिए एक बड़ा कदम है।

Previous articleभारत के पड़ोस में पल रहा है आतंकवाद: मोदी
Next articleशौर्य स्मारक प्रदेश का पहला संग्रहालय, जहां एक महीने में 1 लाख टूरिस्ट

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here