समय पर पूरे हो विकास कार्य

0

जबलपुर  – ईपत्रकार.कॉम |कलेक्टर श्रीमती छवि भारद्वाज ने आज निर्माण विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर जिले में चल रहे विकास कार्यों को तय समय-सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिये हैं। कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में आयोजित इस बैठक में लोक निर्माण विभाग, परियोजना क्रियान्वयन इकाई, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, राष्ट्रीय राजमार्ग एवं विद्युत विभाग के अधिकारी मौजूद थे।

श्रीमती भारद्वाज ने बैठक में जिले में निर्माणाधीन सड़कों के लिए उपलब्ध बजट आबंटन का व्यौरा अधिकारियों से लिया। उन्होंने कहा कि यदि आबंटन का अभाव या बजट में कमी सड़कों के निर्माण में बाधा बन रही है तो इस बारे में समय रहते जरूरी कदम विभागीय अधिकारियों को उठाने होंगे।

श्रीमती भारद्वाज ने सड़क निर्माण और भवनों के निर्माण में वन, खनिज और विद्युत विभाग से जुड़े मुद्दों को भी आपसी समन्वय से शीघ्र हल करने पर जोर दिया। उन्होंने वायएमसीए-बिलहरी-बरेला सड़क मार्ग के निर्माण की प्रगति की जानकारी भी प्राप्त की और आम नागरिकों को हो रही कठिनाईयों के मद्देनजर इसका निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिये।

कलेक्टर ने पनागर-कुण्डम रिंग रोड के निर्माण और डुमना विमानतल तक बनने वाली सड़कों के निर्माण का व्यौरा भी अधिकारियों से लिया। बैठक में बताया गया कि पनागर-कुण्डम रिंग रोड के पनागर से मण्डला को जोड़ने वाले मार्ग को भारत माता प्रोजेक्ट में शामिल कर लिया गया है। जबकि पनागर को कुण्डम से जोड़ने वाली सड़क का निर्माण को राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग द्वारा किया जायेगा।

बैठक में कलेक्टर ने जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में निर्माणाधीन विद्युत उप केन्द्रों के भूमि आवंटन के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने विकास एवं निर्माण कार्यों से जुड़े भूमि आबंटन के सभी मामलों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश अपर कलेक्टर को दिये।

Previous articleजूनाझीरा छात्रावास की बालिकाओं को दी विधिक साक्षरता की जानकारी
Next articleमतदाता सूची के संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य हेतु बीएजी ग्रुप का प्रशिक्षण संपन्न