अनुपपुर – ईपत्रकार.कॉम |कलेक्टर श्री चंद्रमोहन ठाकुर ने बताया कि मुख्यमंत्री फसल ऋण माफी योजना अंतर्गत समस्त राष्ट्रीकृत बैंक, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक, सहकारी बैंक से प्राप्त 31 मार्च 2018 की स्थिति में बकाया एवं NPA/ कालातीत ऋण की हरी एवं सफेद सूची को ग्राम पंचायत तथा बैंक शाखा में प्रदर्शित करने का कार्य 15 जनवरी से प्रारम्भ कर दिया जाएगा।
हरी सूची – आधार कार्ड लिंक खातो हेतु
सफेद सूची – ऐसे ऋण खाते जिनमे आधार कार्ड की जानकारी नही है
सूची चस्पा होने के उपरांत ग्राम पंचायत कार्यालय में सूची के अनुसार हरे एवं सफेद आवेदन फार्म में ऑफलाइन आवेदन प्राप्त किए जाएँगे। हरी एवं सफेद सूची में प्रदर्शित जानकारी में दावा आपत्ति हेतु किसानो को गुलाबी आवेदन पत्र भरना होगा।
लाभ के लिए आधार कार्ड सीडिंग एवं आवेदन आवश्यक
बिना आधार कार्ड की जानकारी की बैंक रिकार्ड में प्रविष्टि अथवा बिना आवेदन भरे किसानो को योजना का लाभ नही मिलेगा। जिन किसानो का नाम सफेद सूची में है उन्हें सम्बंधित बैंक शाखा में जाकर आधार कार्ड सीडिंग करानी होगी। बैंकों को इस हेतु विशेष अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि कृषकों को असुविधा न हो। कलेक्टर श्री चंद्रमोहन ठाकुर ने अनूपपुर जिले के समस्त कृषकों से अपने फसल ऋण खातों में आधार कार्य की जानकारी सम्बंधित बैंक शाखा में जाकर लिंक कराने की अपील की है।
26 जनवरी को आयोजित विशेष ग्राम सभाओ में दी जाएगी प्राप्त आवेदनों की जानकारी
कलेक्टर श्री ठाकुर ने बताया कि 26 जनवरी को ग्रामसभा की बैठकों में तीनो किस्म के प्राप्त आवेदन हरे सफेद एवं गुलाबी की जानकारी दी जाएगी। जो किसान तब तक आवेदन नही भर पाए होंगे वे 5 फरवरी तक आवेदन जमा कर सकेंगे।





























































