श्योपुर – (ईपत्रकार.कॉम) |कलेक्टर श्री पीएल सोलंकी द्वारा राजस्व प्रकरणो की समीक्षा के लिए आयोजित राजस्व अधिकारियो की बैठक में निर्देश दिये गये कि विभिन्न शासकीय संपत्तियों, सडक, कुऐ, भवन, तालाब आदि को राजस्व रिकार्ड में दर्ज किया जाये। जिन तहसीलो में कब्जा हटाने की कार्यवाही की गई है वह प्रकरण भी दर्ज किये जाये। बैठक में एसडीएम श्योपुर श्री आरबी सिन्डोस्कर, कराहल श्री धीरज श्रीवास्तव, विजयपुर श्री एनआर गौड़ सहित सभी तहसीलदार, नायब तहसीलदार, एसएलआर एवं राजस्व निरीक्षक तथा राजस्व न्यायालय के रीडर उपस्थित थे।
उन्होंने कहा कि रेवेन्यू कैस मैनेजमेंट सिस्टम में कोई भी प्रकरण दर्ज होने से शेष न रहें। सिस्टम मे दर्ज होने के बाद ही प्रकरण में आगे कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने बताया कि कोटवार के कार्यो एवं आवश्यकताओ को दृष्टिगत रखते हुए प्रत्येक पंचायत में कोटवार की नियुक्ति की जायेगी इसके लिए शासन को पद स्वीकृति का प्रस्ताव भेजा गया है। उन्होंने निर्देश दिये कि जिले की महत्वपूर्ण सडको को खसरे मे दर्ज करने की कार्यवाही की जाये। ग्रामो में आबादी भूमि घोषित की जाये इस अवसर पर उन्होने राजस्व वसूली बढाने के निर्देश अधिकारियो को दिये।
5 प्रतिशत वोटर मतदाता सूची में बढाये जायें
कलेक्टर श्री पीएल सोलंकी द्वारा बैठक के दौरान निर्वाचन कार्य की समीक्षा के दौरान निर्देश दिये कि आज 4 अक्टूबर से निर्वाचक नामावली के पुनः रीक्षण का कार्य शुरू हो गया है। जिले में कुल जनसंख्या के 57 प्रतिशत वोटर है जबकि वोटर संख्या का प्रतिशत 62 होना चाहिए अतः राजस्व अधिकारी पोलिगवार मतदाता सूचीयो का अवलोकन करें तथा वोटर प्रतिशत में अधिक अंतर वाले क्षेत्र में अधिक ध्यान देकर मतदाता सूची में नाम बढाने की कार्यवाही करें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची हमारे समाज का दर्पण है इसे पूरे मनोयोग से परादर्शी रूप में तैयार किया जाये। इसके माध्यम से विभिन्न शासकीय योजनाओ में हितग्राहीयो को लाभ प्रदान किया जाता है। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के शत प्रतिशत नाम जोडे जाये। मतदाता सूची में महिला मतदाताओ की संख्या 870 प्रति हजार है। जबकि जिले का लिगानुपात 902 महिला प्रति हजार है। इसलिए मतदाता सूची में भी महिला मतदाताओ की संख्या 902 प्रति हजार होना चाहिए। जिले में 17 मतदान केंद्र बढाये गये है। जिनमे 12 श्योपुर में तथा 05 विजयपुर विधानसभा क्षेत्र मे है।
सैल्समैन पर कार्यवाही के निर्देश
कलेक्टर श्री पीएल सोलंकी द्वारा बैठक के दौरान एसडीएम विजयपुर श्री एनआर गौड़ को नहरखेडा में संचालित उचित मूल्य दुकान के सैल्समैन के विरूद्ध जांच कर दोषी पाये जाने पर पद से पृथक करने के निर्देश दिये गये। सैल्समैन की शिकायत एमडीएम से जुडे स्वसहायता समुह के लोगो द्वारा कलेक्टर श्री सोलंकी को दूरभाष पर की गई थी कि सैल्समैन द्वारा एमडीएम का गेहूं नही दिया जा रहा है।





























































