भिण्ड – ईपत्रकार.कॉम |नर्मदा घाटी विकास विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार श्री लालसिंह आर्य ने कहा है कि प्रदेश में विकास को जन जन तक पहुंचाने के लिए विकास यात्राओं की शुरूआत की गई है। इसीक्रम में भिण्ड जिले में भी विकास को शहरी एवं ग्रामीण अंचलो में आगे बढाने के लिए प्रदेश सरकार बचनबद्व होकर कार्य कर रही है। साथ ही विकास को गति देने के निरंतर प्रयास भी किए जा रहे है। वे आज जिले की गोहद विधानसभा के कस्बा ग्राम सर्वा में 7.80 लाख रूपए की लागत से नवनिर्मित आंगनबाडी भवन का फीता काटने के उपरांत आयोजित लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे।
इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारी सर्वश्री कमल सिंह तोमर, केशव उपाध्याय, प्रेम वर्मा, मनोज शर्मा, विश्वनाथ सिंह तोमर, कदम सिंह, पदम सिंह, राजकुमार, विनोद तोमर, ध्रुवसिंह तोमर, सुजान माहौर, भोगीराम माहौर, रामकिशोर शर्मा, राकेश तोमर, सरपंच श्रीमती निर्मला तोमर एवं विभिन्न विभागो के मैदानी स्तर के अधिकारी/कर्मचारी तथा ग्रामीणजन उपस्थित थे।
सामान्य प्रशासन राज्यमंत्री श्री लालसिंह आर्य ने कहा कि सर्वा में विकास की गंगा बहाने के प्रयास किए गए है। जिसमें आंगनबाडी भवन का आज लोकार्पण किया गया है। इस अवसर पर आंगनबाडी केन्द्र में आने वाली ग्रामीण कन्याओं का कन्या पूजन कर विकास यात्रा की शुरूआत की गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के अन्तर्गत 62 हितग्राहियों को गैस कनेक्शन दिए गए है। ग्राम सर्वा में सीसी रोड 50 लाख की बनवाई गई है। इसीप्रकार नाला निर्माण 10 लाख एवं बाउण्डरीवाल का कार्य भी विद्यालय में 10 लाख की लागत से कराया गया है। उन्होंने कहा कि विधायक मद से भी सीसी सडक स्वीकृत कराई गई है। साथ ही 1 लाख रूपए की लागत से यात्री प्रतीक्षालय को मंजूरी दिलाई गई है। इसीप्रकार खेल मैदान 3.20 लाख रूपए की लागत से बनवाने के प्रयास किए गए है। मुक्तिधाम के लिए भी 2.45 लाख रूपए की राशि मुहैया कराई गई है।
राज्यमंत्री श्री आर्य ने कहा कि मुख्यमंत्री असंगठित श्रमिक योजना में 1800 हितग्राहियों का पंजीयन कराया गया है। इसीप्रकार मुख्यमंत्री ग्राम सडक योजना में 20 लाख रूपए की सडक स्वीकृत कराई गई है। खेरिया जल्लू में भी 54 लाख रूपए की लागत की सडक को मंजूरी दी गई है। सर्वा के ग्राम धमसा के पुरा में आंगनबाडी भवन 7.80 लाख रूपए की लागत से बनवाया जावेगा। इसीप्रकार सामुदायिक भवन के लिए 10 लाख रूपए स्वीकृत किए गए है एवं नवीन हाईस्कूल भवन निर्माण 1 करोड रूपए की लागत से स्वीकृत कराया गया है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र को विद्युत फीडर से जोडने के प्रयास किए गए है। साथ ही माईनर डिस्ट्रीब्यूटरी से सिंचाई सुविधा किसानो की फसलो के लिए उपलब्ध कराई गई है। ग्राम सर्वा में समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी केन्द्र स्थापित कराया गया है। जिस पर किसानों को अपना गेहूं बेचने की सुविधा प्राप्त हो रही है।
राज्यमंत्री श्री आर्य ने धमसा के पुरा में विधायक निधि से 5 लाख रूपए की सीसी सडक का निर्माण कार्य कराया जावेगा। साथ ही पीने के पानी की सुविधा के लिए एक हैण्डपंप का निर्माण किया जावेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के जिलो की भांति भिण्ड जिले में विकास यात्रा शुरू की जा चुकी है। इन यात्राओं के अन्तर्गत मैदानी अधिकारी/कर्मचारियों के माध्यम से शासन की योजनाओं और विकास को जनता के समक्ष लाने के प्रयास किए जावेंगे। राज्यमंत्री श्री आर्य ने विकास यात्रा के अन्तर्गत ग्राम सर्वा में वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारियों का मुंह मीठा कर उनका उत्साहवर्धन किया।





























































