उज्जैन – ईपत्रकार.कॉम |प्रदेश में मुख्यमंत्री फसल ऋण माफी योजना का त्वरित क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। सभी संभागायुक्त अपने संभागों में तथा कलेक्टर अपने जिलों में योजना के प्रावधानों के अनुरूप किसानों को लाभ दें। इसके लिए विस्तृत दिशा-निर्देश शासन से जारी किए गए हैं, उनका अच्छी तरह से अध्ययन करें तथा क्रियान्वयन करें।
मुख्य सचिव श्री एसआर मोहन्ती ने आज सोमवार को भोपाल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ये निर्देश दिए। वीसी में उज्जैन संभागायुक्त श्री एमबी ओझा सहित सभी संभागायुक्त, कलेक्टर श्री मनीष सिंह सहित सभी कलेक्टर, आईजी श्री राकेश गुप्ता सहित सभी आईजी, पुलिस अधीक्षक श्री सचिन अतुलकर सहित सभी पुलिस अधीक्षक तथा सभी सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि कलेक्टर इस बात का ध्यान रखें कि आमजन को बिजली की निर्बाध आपूर्ति निरन्तर मिलती रहे। बिना सूचना के तथा अनावश्यक कटौती न की जाए। बिजली वितरण प्रणाली दुरूस्त हो तथा ट्रांसफार्मर आदि खराब होने पर तुरन्त बदले जाएं। आने वाले समय में प्रदेश में पेयजल की आपूर्ति निरन्तर हो।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि सभी कलेक्टर अपने जिलों की पूरी जानकारी रखें, निरन्तर दौरे करें तथा अपने सूचना तंत्र को मजबूत बनाएं। कलेक्टर अपने जिलों में मंत्रीगणों से उनके प्रवास पर सौजन्य भेंट करें तथा जनप्रतिनिधियों आदि से निरन्तर संवाद एवं सम्पर्क रखें। वे पूरी जिम्मेदारी से अपने कर्तव्यों का स्वतंत्र एवं निष्पक्ष रूप से सम्पादन करें।
वीसी में डीजीपी ने निर्देश दिए कि आगामी समय में जिलों में शौर्य यात्राएं निकलने वाली हैं, इनके दौरान कानून व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए। पुलिस अधिकारी समाज के सभी वर्गों तथा सभी दलों से सम्पर्क रखें। सोशल मीडिया पर निगरानी रखी जाए तथा तुरन्त कार्रवाई हो। आगामी गणतंत्र दिवस पर भी पूरी सतर्कता रखी जाए। डीजीपी ने कहा कि जिलों में मुख्यमंत्रीजी के भ्रमण के दौरान उनकी सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाए।
वीसी में बताया गया कि प्रदेश में आगामी 8 मार्च को पहली महिला ग्रामसभा आयोजित की जाएगी। प्रदेश में आगामी 15 जनवरी से 15 फरवरी तक मीजल्स-रूबेला अभियान संचालित किया जाएगा, जिसके अन्तर्गत 9 माह से 15 वर्ष के बच्चों का टीकाकरण किया जाएगा। आगामी 31 जनवरी तक प्रदेश में स्वच्छता सर्वेक्षण अभियान चलाया जाएगा। आगामी समय में परीक्षाओं के मद्देनजर शिक्षकों को दूसरे कार्यों में न लगाया जाए। माध्यमिक शिक्षा मण्डल की हैल्पलाइन चालू रहे तथा इसके नम्बर 0755-2551166 का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।
































































