दीनदयालनगर में सरकार ने बड़े-बड़े विकास कार्य कराए – श्रीमती माया सिंह

0

ग्वालियर – ईपत्रकार.कॉम |दीनदयालनगर ग्वालियर शहर की सबसे बड़ी कॉलोनी है। इस कॉलोनी का नाम एकात्म मानववाद के प्रणेता पं. दीनदयाल उपाध्याय के नाम से है। इस साल पं. दीनदयाल उपाध्याय का जन्म शताब्दी वर्ष मनाया जा रहा है। इसलिए दीनदयालनगर में सरकार ने बड़े-बड़े विकास कार्य कराए हैं। पिछले चार साल में यहाँ 40 करोड़ से अधिक लागत के कार्य कराए जा चुके हैं। यह बात प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कही। श्रीमती माया सिंह शहर के वार्ड क्र.-18 के अंतर्गत दीनदयालनगर में विकास यात्रा के तहत पहुँची थीं।

नगरीय विकास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने महाराजा कॉम्प्लेक्स से जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों के साथ विकास यात्रा शुरू की। श्रीमती माया सिंह एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण विकास यात्रा के साथ दीनदयालनगर के मुख्य मार्ग से पैदल चलकर चावला तिराहे पर पहुँचे। यहाँ पर यह यात्रा सभा में तब्दील हुई। नगरीय विकास मंत्री ने इस अवसर पर 6 करोड़ 78 लाख रूपए की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास किया। साथ ही लाड़ली लक्ष्मी एवं मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी योजना से लाभान्वित बच्चों को सम्मानित किया।

इस मौके पर जीडीए के अध्यक्ष श्री अभय चौधरी, साडा अध्यक्ष श्री राकेश जादौन, श्री वेदप्रकाश शर्मा, साडा के पूर्व अध्यक्ष श्री जय सिंह कुशवाह, श्री देवेश शर्मा, पार्षद सर्वश्री बलवीर सिंह तोमर, धर्मेन्द्र राणा, जबर सिंह व श्री अनिल त्रिपाठी तथा डॉ. हरिमोहन पुरोहित, रामेश्वर भदौरिया, अशोक जादौन, राकेश खुरासिया व श्री राकेश गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण मंचासीन थे।

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा कि ग्वालियर शहर में पेयजल की समस्या के दीर्घकालिक समाधान के लिये सरकार द्वारा चंबल प्रोजेक्ट को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी गई है। जल्द ही इस योजना का काम शुरू होगा। उन्होंने कहा इससे पहले अमृत एवं जल आवर्धन योजना के तहत शहर की हर गली व हर घर तक पेयजल व सीवर लाईन बिछाई जा रही है। साथ ही चार सीवर ट्रीटमेंट प्लांट भी स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा केन्द्र व राज्य सरकार ने मिलकर वर्ष 2022 तक हर जरूरतमंद को पक्का घर देने का फैसला किया है। जिसके तहत प्रदेश में अब तक 75 हजार जरूरतमंदों को पक्के घर बनाकर दिए जा चुके हैं। उन्होंने कहा सरकार द्वारा उज्ज्वला योजना के तहत अब तक तीन करोड़ महिलाओं को नि:शुल्क गैस कनेक्शन व चूल्हे दिए जा चुके हैं। साथ ही आगे 10 करोड़ और महिलाओं को गैस कनेक्शन दिए जायेंगे। श्रीमती माया सिंह ने कहा केन्द्र व राज्य सरकार ने हर गरीब की चिंता की है।

कार्यक्रम में श्री वेदप्रकाश शर्मा, श्री देवेश शर्मा, श्री परमार व डॉ. हरिमोहन पुरोहित ने भी विचार व्यक्त किए और सुनियोजित ढंग से दीनदयालनगर क्षेत्र में विकास कराने के लिये सरकार के प्रति आभार जताया।

इन कार्यों का हुआ लोकार्पण व शिलान्यास
मंत्री श्रीमती माया सिंह ने 6 करोड़ 78 लाख के विकास कार्यों का दीनदयालनगर में लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। श्रीमती माया सिंह ने दीनदयालनगर गेट नं.-2 से कुशवाह कॉम्‍प्लेक्स तक 3 करोड़ 72 लाख की लागत से बनी सीसी रोड़ और गेट नं.-1 से सिंधिया स्टेच्यू तक, सर्विस रोड़ महाराजा कॉम्प्लेक्स से कुशवाह कॉम्प्लेक्स तक व चौहान प्याऊ से चावला चौराहे तक कुल एक करोड़ 31 लाख की लागत से बनी डाम्बरीकृत सड़क का लोकार्पण किया। उन्होंने दीनदयालनगर के जीएम एवं जीएल सेक्टर में एक करोड़ 31 लाख की लागत से बनने जा रही डाम्बरीकृत सड़क का भूमि पूजन किया।

मुक्तिधाम का होगा निर्माण और बनेंगीं आठ नई सड़कें
नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने इस मौके पर जानकारी दी कि दीनदयालनगर एवं शताब्दीपुरम सहित अन्य समीपवर्ती कॉलोनियों के निवासियों की मांग पर मुक्तिधाम की मंजूरी दिलाई गई है। लगभग 86 लाख रूपए की लागत से मुक्ति धाम का निर्माण किया जायेगा। उन्होंने जानकारी दी कि दीनदयालनगर में आठ नई सड़कें भी मंजूर की गई हैं। साथ ही महाराजपुरा हाईस्कूल का हायर सेकेण्ड्री स्कूल में उन्नयन किया गया है। शताब्दीपुरम में भी मॉडल हायर सेकेण्ड्री स्कूल मंजूर हो गया है। दीनदयालनगर के दशहरा मैदान में खेल मैदान व वॉकिंग ट्रैक सहित अन्य सौंदर्यीकरण कार्य जारी हैं। उन्होंने दीनदयालनगर के एक पार्क में बोरिंग व सौंदर्यीकरण कराने का भरोसा भी दिलाया। श्रीमती माया सिंह ने कहा दीनदयालनगर में जल्द ही प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का काम भी शुरू होगा।

Previous articleअसंगठित कामगारों के लिये संचालित योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही को दिलाना सुनिश्चित करें – कलेक्टर डॉ. खाडे
Next articleसर्विस काल में स्थानांतरण एक सतत प्रक्रिया है – श्री भास्कर लाक्षाकार

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here