पन्ना – ईपत्रकार.कॉम |कलेक्टर श्री मनोख खत्री के निर्देशानुसार मीजल्स रूबेला अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु समस्त जनता में जागरूकता लाने हेतु समस्त धर्मगुरूओं एवं समिति के सदस्यों से सहयोग हेतु मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एल.के. तिवारी ने एक बैठक कर चर्चा की। बैठक में श्री बाबूलाल यादव, श्री राजेश गौतम, श्री राकेश गोस्वामी, श्री उमाशंकर व्यास, फादर जोबिट थामस, श्री हरिश्चन्द्र अग्रवाल, श्री विनोद तिवारी, श्री उमाकान्त, श्री मुन्नालाल वर्मा, श्री राजकिशन शर्मा, श्री सियाराम अग्रवाल एवं श्री रिजवान मोहम्मद उपस्थित हुए।
सर्वप्रथम डॉ. एल.के. तिवारी ने समस्त धर्मगुरू एवं मन्दिर समिति के सदस्यों से कार्यक्रम के आयोजन के बारे में विस्तृत चर्चा कर उन्हें बताया कि एम.आर. कार्यक्रम 15 जनवरी 2019 से शुरू किया जावेगा। जिसके अन्तर्गत 09 माह से 15 वर्ष तक के बच्चांे को मीजल्स रूबेला से टीकाकृत किया जावेगा। यह कार्यक्रम चार सप्ताह लगभग 15 जनवरी से 15 फरवरी तक चलेगा। यह कार्यक्रम दो चरणों में चलेगा प्रथम चरण में समस्त स्कूलों में एवं द्वितीय चरणों में ऑगनबाडी में यह कार्यक्रम आयोजित किया जावेगा उसके पश्चात इसका मॉपअप राउण्ड भी चलाया जावेगा।
कार्यक्रम एवं व्हैक्सीन के बारे में डॉ. प्रदीप गुप्ता ने सभी धर्मगुरूओं को तकनीकी जानकारी प्रदाय की। यह टीका दर्द रहित है इसका कोई दुष्प्रभाव नही है। इस संबंध में श्री प्राणनाथ ट्रस्ट के प्रबन्धक श्री राजकिशन ने कहा कि हम व्यक्तिगत रूप से इसका प्रचार-प्रसार करते हुए अभिभावकों से अपील करेंगे कि वो इस टीके से अपने बच्चे को टीकाकृत अवश्य रूप से करावें। श्री बाबूलाल यादव ने भी कहा कि हम व्यक्तिगत रूप से इस कार्यक्रम का प्रचार प्रसार कर जनता को इसके लाभ के बारे में बतायेंगे एवं जिस दिन टीकाकरण होगा तो स्वयं उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने का प्रयास करेंगे। फादर जोबिट थामस ने भी कहा कि वो इस कार्यक्रम में अपना पूर्ण सहयोग प्रदाय करेंगे एवं हमारे हास्टल एवं स्कूल के बच्चों को शतप्रतिशत टीकाकरण करावेंगे। श्री रिजवान खान मुस्लिम शहर सदर ने भी कहा कि पन्ना शहर मे संचालित 03 मदरसे में जहॉ लगभग 300-400 बच्चे हैं उनके मॉ, बाप को समझाइस कर शतप्रतिशत टीका लगवाया जावेगा साथ ही अपने समाज के सभी लोगों से अपने बच्चों को टीकाकरण के लिये प्रेरित करेंगे एवं कार्यक्रम में अपना सहयोग भी प्रदाय करेंगे।
समस्त धर्मगुरूओं/सदस्यों ने इस कार्यक्रम के बारे में कहा कि हम इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिये मन्दिर में आने वाले समस्त अभिभावकों को अपने बच्चों को मीजल्स रूबेला टीका लगवाने हेतु अनुरोध करेंगे, मन्दिर, मस्जिद, एवं चर्च में इसके पोस्टर एवं प्रचार-प्रसार सामग्री का स्वयं वितरण कर प्रचार-प्रसार भी करेंगे।



























































