नरसिंहपुर – ईपत्रकार.कॉम |प्रदेश के आयुष, कुटीर एवं ग्रामोद्योग (स्वतंत्र प्रभार) और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी राज्य मंत्री श्री जालम सिंह पटैल ने विकासखंड नरसिंहपुर के विभिन्न ग्रामों का भ्रमण किया। वे इस दौरान आयोजित कार्यक्रमों में शामिल हुये। उन्होंने ग्रामीणजनों से रूबरू चर्चा कर उनकी समस्यायें जानी और निराकरण के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये। राज्य मंत्री श्री पटैल ने गुरूवार को ग्राम रानी पिपरिया, खमतरा, झगरहाई आदि ग्रामों का भ्रमण किया। उन्होंने यहां 494 आवासीय पट्टों का वितरण हितग्राहियों को किया। उन्होंने ग्राम पंचायत रानी पिपरिया में पंचपरमेश्वर योजना के अंतर्गत एक सीमेंट क्रांकीट सड़क का लोकार्पण और परफार्मेंस ग्रांट की राशि से बनने वाली एक सीसी रोड का भूमिपूजन किया।
राज्य मंत्री श्री पटैल ने ग्राम रानी पिपरिया में 170, खमतरा में 164 और झगरहाई में 160 आवासीय पट्टे हितग्राहियों को वितरित किये।
भ्रमण के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री श्री पटैल ने कहा कि श्रमिक कर्मकार परिवारों को विभिन्न योजनाओं का लाभ देने के लिए मुख्यमंत्री जनकल्याण- संबल योजना लागू की गई है। ढाई एकड़ तक के किसानों को भी इस योजना का लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि इस योजना में पंजीबद्ध हितग्राहियों को रजिस्ट्रेशन कार्ड दिया जायेगा। इस कार्ड के जरिये उन्हें विभिन्न योजनाओं का लाभ देने में सहूलियत होगी। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों के जरूरतमंद और गरीब परिवारों को आवासीय जमीन का पट्टा देकर जमीन का मालिक बनाया जायेगा और उन्हें जमीन पर रहने योग्य पक्का मकान भी बनवाकर दिया जायेगा।
राज्य मंत्री श्री पटैल ने बताया कि संबल योजना में प्रसूति सहायता के रूप में गर्भवती श्रमिक महिलाओं को पोषण आहार के लिए 4 हजार रूपये और प्रसव होने पर महिला के खाते में 12 हजार रूपये जमा होंगे। अंत्येष्टी सहायता के रूप में श्रमिक की मृत्यु पर अंतिम संस्कार के लिए पंचायत अथवा नगरीय निकाय से 5 हजार रूपये की नकद सहायता दी जायेगी। अनुग्रह राशि के रूप में घर के मुखिया श्रमिक की सामान्य मृत्यु पर परिवार को दो लाख रूपये तथा दुर्घटना में मृत्यु पर 4 लाख रूपये की सहायता दी जायेगी। दुर्घटना में स्थायी अपंगता पर दो लाख रूपये तथा आंशिक अस्थायी अपंगता पर एक लाख रूपये की सहायता मिलेगी। श्रमिकों के बच्चों को व्यावसायिक पाठ्यक्रमों तथा यूपीएससी, पीएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए नि:शुल्क कोचिंग दी जायेगी। पहली कक्षा से पीएचडी तक नि:शुल्क शिक्षा मिलेगी।
श्रमिक तथा उसके परिवार को नि:शुल्क इलाज की सुविधा मिलेगी। हर साल एक लाख श्रमिकों को स्वरोजगार के लिए सब्सिडी ऋण अनुदान मिलेगा। साईकिल रिक्शा चलाने वाले ई- रिक्शा के और हाथ ठेला चलाने वाले ई- लोडर के मालिक बनेंगे। श्रमिकों को 200 रूपये मासिक के फ्लेट रेट पर बिजली मिलेगी। राज्य मंत्री श्री पटैल ने केन्द्र और राज्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी।
इस अवसर पर धनीराम पटैल, मेरसिंह गुमास्ता, भरत पटैल, संजय ओरिया, अरूण शर्मा, शैलेन्द्र शर्मा, नबाव ठाकुर, नरेश पटैल, विनोद पटैल, भगवान पटैल और ग्रामीणजन मौजूद थे।





























































