अनुशासन के साथ पूर्ण मनोयोग से करना होगा जिम्मेदारियों का निर्वहन, तब होगी संकल्प से सिद्धि – विधायक श्री जायसवाल

0

कटनी- (ईपत्रकार.कॉम) |संकल्प से सिद्धि को सिद्व करना है, तो अनुशासन के साथ पूर्ण मनोयोग से जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों को अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा। हमें संकल्प लेना होगा, जिले को उत्कृष्ट बनाने का, सेवाओं को जन जन तक पहुंचाने का और पारदर्शी प्रक्रिया स्थापित करते हुये जनमानस की समस्याओं को निराकरण करने में जिले के प्रदेश में अव्वल बनाने का। यह बातें विधायक संदीप जायसवाल ने नगर निगम कम्युनिटी हॉल में आयोजित संकल्प से सिद्धि अभियान के जिलास्तरीय सम्मेलन में कही। उन्होने गरीबी, गंदगी, जातिवाद्, भ्रष्टाचार, सांम्प्रदायिकता और आतंकवाद से निपटने के लिये संकल्प लेकर उसे सिद्व करने के प्रति उपस्थित युवाओं को प्रेरित भी किया।

कार्यक्रम की शुरुआत मॉं सरस्वती के चित्रपट पर दीप प्रज्जवलन के साथ हुई। जिसके बाद स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का शॉल श्रीफल से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की रुप रेखा की जानकारी नोडल अधिकारी आनन्द पाण्डेय ने दी। इस अवसर पर संत ब्रम्हानन्द जी ने भी समाज में जागरुकता लाने और अच्छे संस्कारों से संकल्प से सिद्धि का संदेश दिया। इस अवसर पर जिला योजना समिति सदस्य व भाजपा जिलाध्यक्ष पीताम्बर टोपनानी ने अतीत के झरोंखों से इतिहास की बातों को उदाहरण सहित सामने रखा। श्री टोपनानी ने कहा कि हमें स्वतंत्रता तो मिल गई। लेकिन कुरीतियों से आजादी के लिये हमें अभियान चालाना होगा। सेवा के कार्य के लिये संकल्प लेना होगा।

कार्यक्रम के दौरान नगर निगम कम्युनिटी हॉल को सर्वसुविधायुक्त बनाने की दिशा में स्थानीय विधायक श्री जायसवाल द्वारा कम्युनिटी हॉल में मंच और स्टेप्स के निर्माण सहित एसी लगवाने की घोषणा की गई। उन्होने कहा कि इस कम्युनिटी हॉल में बैठने वाले नागरिकों को अच्छी सुविधा मिले, इसके मद्वेनजर इसे वातानुकूलित किया जायेगा। साथ ही संकल्प से सिद्धि अभियान के तहत आयोजित रंगोली प्रतियोगिता, पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होने वाले प्रत्येक प्रतिभागियों को 500-500 रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की बात भी श्री जायसवाल ने कही।

जिलास्तरीय सम्मेलन में प्रबंधक जिला उद्योग केन्द्र अजय श्रीवास्तव द्वारा युवाओं को भारत के गौरवशाली इतिहास के संबंध में जानकारी दी गई। वहीं देश के महापुरुषों पर आधारित फिल्मों का प्रदर्शन भी किया गया। कटनी किसान अभिरुचि प्रॉड्यूसर कंपनी के प्रकाश दुबे द्वारा 2022 तक भारत से गरीबी मुक्त कराने के संदर्भ में कारण एवं उपाय पर परिचर्चा की गई। असिस्टेन्ट प्रोफेसर टेवाईट तौकीर फातिमा द्वारा 2022 तक भारत को गंदगी से मुक्त कराने के संबंध में विचार व्यक्त किये गये। सहायक शिक्षक राजा अवस्थी ने जातिवाद मुक्त भारत पर अपनी बात रखी। वहीं प्राचार्य आलोक पाठक ने भ्रष्ठाचार मुक्त भारत के संदर्भ कारण और उपाय पर चर्चा की। प्राचार्य नीरजा मीता ऑर्नाल्ड ने 2022 तक भारत को आतंकवाद मुक्त कराने के विषय में अपने विचार रखे। वहीं अध्यक्ष बाल कल्याण समिति राकेश अग्रवाल ने सांम्प्रदायिकता मुक्त भारत पर चर्चा की।

अतिथियों द्वारा 6 विषयों पर स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा बनाये गये पोस्टरों और रंगोली का अवलोकन भी किया गया। साथ ही कार्यक्रम के अंत में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान अर्जित करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार भी वितरित किये गये।

जिलास्तरीय सम्मेलन में उत्कृष्ठ कार्य करने पर स्वयंसेवी संस्था सुदर्शना क्लब की मीना भार्गव को सम्मानित किया गया। जिन्हें विधायक संदीप जायसवाल ने सम्मानित किया। कार्यक्रम में 14 बिन्दुओं का संकल्प उपस्थित युवाओं को दिलाया गया। कार्यक्रम के शुभारंभ समारोह में अर्पित पोद्वार, मिट्ठू लाल जैन, रामरतन पायल और अखिलेश पाण्डेय मंचासीन रहे।

Previous articleआज यहाँ से बुक करें Nubia M2 Play, विडियो में देखें इसमें क्या है ख़ास
Next articleपाक ने आतंकवाद का मुकाबला करने के लिये सबसे अच्छा काम किया है-चीन

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here