श्योपुर – ईपत्रकार.कॉम |मेडिकल, इंजीनियरिंग एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में प्रवेश लेने हेतु काउंसलिंग आज निसादराज भवन में आयोजित की गई। जिसमें, विजयपुर, कराहल, बड़ौदा के साथ श्योपुर क्षेत्र के छात्रों ने भाग लिया। काउंसलिंग में पुलिस अधीक्षक डॉ. शिवदयाल सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री ऋषि गर्ग, शिक्षा अधिकारी श्री अजय कटियार एवं अन्य शिक्षक, विद्यार्थी उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री सौरभ कुमार सुमन ने छात्र-छात्राओं को मार्गदर्शन देते हुए कहा कि, श्योपुर जिले में निःशुल्क कोचिंग खोलने की प्रक्रिया की जा रही है। जिसमें छात्रों को इंजीनियरिंग, मेडिकल एवं विभिन्न प्रकार की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए अनुभवी शिक्षकों की टीम द्वारा मार्गदर्शन दिया जाएगा। साथ ही, छात्रों के लिए पत्रिका, किताबों आदि का प्रबंध निःशुल्क कोचिंग में किया जाएगा। कलेक्टर श्री सुमन ने छात्रों से पढ़ाई के संबंध में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं पर चर्चा की। साथ ही कहा कि, कोई परीक्षा बड़ी नहीं होती सिर्फ सही मार्गदर्शन एवं पढ़ने हेतु सही सामग्री की जरूरत होती है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डॉ. सिंह ने छात्रों को संबोधित करते हुए प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए किस तरह की किताबों, अखबारों आदि को पढ़ना चाहिए उसकी समझाइश की। साथ ही छात्रों को बताया कि, किस प्रतियोगी क्षेत्र में कितने विषय होते हैं। साथ ही, 12वीं कक्षा उर्त्तीण कर कौन-सी परीक्षा का चयन करना चाहिए एवं परीक्षाओं की प्रभावी ढंग से तैयारी के लिए किस तरह पढ़ा जाए।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री ऋषि गर्ग ने छात्रों को प्रोत्साहित करते हुए अपने स्वयं की पढ़ाई इंजीनियरिंग, सिविल सेवक बनने की संपूर्ण जानकारी छात्रों को दी। उन्होंने बताया कि, इंजीनियरिंग, मेडिकल क्षेत्रों में 12वीं पास छात्रों को किस प्रकार एडमिशन दिया जाता है। साथ ही उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए नीट, आईआईटी प्रवेश परीक्षा की किस तरह तैयारी की जाए।





























































