अलर्ट! दिल्‍ली-NCR में बड़ी तेजी से गिरेगा तापमान, चार राज्‍यों में शीत लहर की चेतावनी

0

नई दिल्ली: बढ़ती ठंड से राजधानी को दिन के समय थोड़ी राहत मिली है। वहीं, दो दिन बाद फिर से ठंड बढ़ने के आसार हैं। तापमान में इस हफ्ते बड़ी गिरावट की संभावना व्यक्त की गई है। नवंबर के अंत में ठंड का अच्छा खासा असर मिल सकता है। स्काईमेट के अनुसार, नवंबर में न्यूनतम तापमान 6 से 7 डिग्री के आसपास रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले तीन दिनों से तापमान 10 डिग्री से नीचे बना हुआ है। सोमवार को आसमान साफ रहेगा। अधिकतम तापमान बढ़कर 27 डिग्री तक पहुंच सकता है। वहीं न्यूनतम तामपान 9 डिग्री तक रह सकता है। धूप की वजह से दिन के समय अगले छह से सात दिन कुछ राहत रह सकती है। अधिकतम तापमान 26 से 27 डिग्री के आसपास रहेगा। वहीं न्यूनतम तामपान 8 से 9 डिग्री पर बने रहेगा।

किन राज्‍यों में आने वाली है शीत लहर?
स्काईमेट के अनुसार पश्चिमी हिमालय में सक्रिय हुआ वेस्टर्न डिस्टरबेंस अब पूर्व की तरफ बढ़ चुका है। पश्चिमी हिमालय से शुष्क और बर्फीली ठंडी हवाएं एक बार फिर उत्तर पश्चिमी भारत में शुरू हो रही हैं। ये ठंडी हवाएं पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के न्यूनतम तापमान को गिरा सकती हैं। आने वाले दिनों में राजधानी दिल्ली का न्यूनतम तापमान 7 से 8 डिग्री पर सिमट सकता है। वहीं पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में शीत लहर जैसे हालात हो सकते हैं।

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के मौसम विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता की वजह से पहाड़ों पर बर्फबारी का दौर बन रहा है। वहीं इस समय हवा की दिशा भी उत्तर-पश्चिम बनी हुई है। ऐसे में इस दिशा में पहाड़ों से आने वाली सर्द हवाएं राज्य में रात के पारे को गिराने में मदद कर रही हैं। इसके चलते आगामी सप्ताह से सर्दी और बढ़ेगी। उन्होंने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते अगर बूंदाबांदी होती है तो कड़ाके की ठंड भी पड़ सकती है।

मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि अगले 24 घंटे में गुड़गांव और आसपास के क्षेत्र में सुबह के समय धुंध छाई रहेगी। दिन में धूप निकलने के साथ अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस से कम रहने की संभावना है। फिलहाल सतही हवा की रफ्तार मध्यम रहेगी व नमी का स्तर सामान्य रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here