आर्मी भर्ती रैली व्यवस्था के परिपेक्ष्य में दायित्व सौंपे गए

0

विदिशा – ईपत्रकार.कॉम |विदिशा जिला मुख्यालय पर 16 जनवरी से आर्मी भर्ती रैली आयोजित की जाएगी। आर्मी भर्ती रैली सुव्यवस्थित रूप से जिले में सम्पादित हो इसके लिए किए जाने वाले प्रबंधों की समीक्षा कलेक्टर श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने आज गुरूवार को कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में की।

कलेक्टर श्री सिंह ने आयोजन के परिपेक्ष्य में किए जाने वाले प्रबंधों के दायित्व विभिन्न विभागों के अधिकारियों को सौंपे है। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि आर्मी भर्ती रैली प्रक्रिया जिले में 24 जनवरी तक जारी रहेगी। उक्त अवधि में किसी भी प्रकार से रैली परिसर के साथ-साथ जिले में अव्यवस्था की स्थिति निर्मित ना हो का विशेष ध्यान रखा जाए।

कलेक्टर श्री सिंह ने विभागो के अधिकारियों को दायित्व सौंपते हुए कहा कि विदिशा के अलावा, बैतूल, हरदा, छिंदवाडा, भोपाल, सीहोर, होशंगाबाद, राजगढ और रायसेन जिले के युवाजन भर्ती रैली प्रक्रिया में शामिल होंगे। दूरदराज जिलों से आने वाले युवाजन को किसी भी प्रकार की असुविधाओं का सामना ना करें इसके लिए उन सबके लिए तिथिवार दिवसों में रूकने, आयोजन स्थल सहित अन्य की जानकारी उन्हें मिलती रहे इसके लिए शहर के प्रमुखों मार्गो के अलावा अन्य मार्गो चौराहो पर संकेत लगाए जाएं ताकि वे किसी भी प्रकार के भटकाव से बचें।

कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि आर्मी आफीसरों के द्वारा भर्ती रैली आयोजन स्थल एसएटीआई के प्रागंण में जिन-जिन व्यवस्थाओं की पूर्ति हेतु अपेक्षा जिला प्रशासन से की जा रही है उन सबकी पूर्ति आयोजन के पूर्व सुव्यवस्थित रूप से कराई जाए। 13 एवं 14 जनवरी को रिहर्सल किया जाएगा उसी दिन से आयोजन के परिपेक्ष्य में किए जाने वाले प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं।

कानून व्यवस्था और सुरक्षा के मद्देनजर जिन-जिन स्थलों पर पुलिस बल तैनात किया जाएगा कि चर्चा के अलावा साफ सफाई, आवागमन, फोटो कॉपी, पेयजल, ठंड के मद्देनजर विभिन्न स्थलों पर अलाव, चलित शौचालयों की व्यवस्था के अलावा अन्य व्यवस्थाओं पर विचार विमर्श कर अधिकारियों को दायित्व सौंपे गए है।

आर्मी के मेजर श्री पवन कुमार ने तिथि एवं जिलेवार आयोजित भर्ती रैली की जानकारी देते हुए बताया कि 16 जनवरी को धर्मगुरू और हवलदार पद हेतु 2308 अभ्यर्थी सभी नौ जिलो के शामिल होंगे। 17 जनवरी को विदिशा और बैतूल, 18 को बैतूल और हरदा, 19 को छिंदवाडा, 20 को भोपाल एवं छिंदवाडा, 21 को सीहोर, 22 को होशंगाबाद और राजगढ, 23 को राजगढ़, 24 जनवरी को होशंगाबाद और रायसेन जिले के अभ्यर्थी आर्मी रैली प्रक्रिया में शामिल होंगे।

तिथिवार आयोजित भर्ती रैली के लिए ऑन लाइन आवेदन पूर्व में आमंत्रित किए जा चुके है। जिन अभ्यर्थियों के द्वारा ऑन लाइन आवेदन दर्ज कराए गए है वे ही भर्ती रैली प्रक्रिया में जिलेवार आयोजित तिथि को उसी जिले के अभ्यर्थी शामिल होंगे। मेजर श्री पवन कुमार के द्वारा आर्मी भर्ती रैली परिसर एसएटीआई ग्राउण्ड पर किए जाने वाले प्रबंधों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।

भर्ती रैली 16 जनवरी की प्रातः पांच बजे से शुरू होगी। जिन अधिकारियों कर्मचारियों को दायित्व सौंपे गए है वे प्रातः चार बजे अपने कार्यस्थलों पर उपस्थित होंगे। रेल्वे स्टेशन एवं बस स्टेण्ड पर लगने वाले सत्कार एवं मार्गदर्शन केन्द्र 15 जनवरी की प्रातः दस बजे से क्रियाशील हो जाएंगे जो 24 जनवरी तक चौबीस घंटे क्रियाशील रहेंगेे। व्यवस्थाओं की जानकारी देेने के लिए पूरे शहर में एनाउंसमेन्ट की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

उक्त बैठक में जिला पंचायत सीईओ डॉ पंकज जैन, अपर कलेक्टर श्री एचपी वर्मा, एडिश्नल एसपी श्री विनोद कुमार चौधरी, एसडीएम श्री सीपी गोहल, डिप्टी कलेक्टर द्वय श्रीमती आरती यादव और श्री लोकेन्द्र सरल के अलावा पीडब्ल्यूडी एवं आरईएस, पीएचई के कार्यपालन यंत्री, नगरपालिका अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला रोजगार अधिकारी, खेल अधिकारी, जन अभियान परिषद की जिला समन्वयक, स्वास्थ्य विभाग के अलावा अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

स्थल का जायजा
आर्मी भर्ती रैली तैयारियों की बैठक के उपरांत कलेक्टर श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह एवं मेजर श्री पवन कुमार समेत अन्य समस्त अधिकारियों ने संयुक्त रूप से आयोजन स्थल एसएटीआई प्रागंण का जायजा लिया और रैली भर्ती के मद्देनजर सम्पादित होने वाले ईवेंट के लिए किए जाने वाले प्रबंधों का सुव्यवस्थित रूप से सम्पादन हो के संबंध में निर्णय लिए गए है जिसमें मुख्य रूप से आयोजन स्थल के मैदान पर दौड़ एवं लॉग जम्प, ऊंचाई नापने के प्रबंध तथा बिजली के आपूर्ति सुचारू रूप से बनी रहें, एनाउसमेंट स्थल, प्रवेश द्वार, स्वल्पाहार विक्रय स्थलों पर लगने वाले ठेले के अलावा अन्य प्रबंध पर चर्चा कर निर्णय लिया गया है।

Previous articleअब PM मोदी की रैली में काले कपड़े पर रोक नहीं,विवाद के बाद फैसला वापस
Next articleकलेक्टर ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रचार रथ को दिखाई हरीझण्डी