होशंगाबाद – ईपत्रकार.कॉम |कलेक्ट्रेट के रेवा सभाकक्ष में विधानसभा निर्वाचन हेतु नियुक्त किए गए नोडल अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर प्रियंका दास ने कहा कि सभी अधिकारी उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारियों का तत्परता से निर्वहन करें। विभागीय कार्य के साथ चुनाव के कार्य पर भी ध्यान दें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ ही चुनाव प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। सभी अधिकारी भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर चुनाव के संबंध में डाली जाने वाली जानकारी निरंतर चैक करें। उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारियों से संबंधित निर्देशों एवं नियमों का अध्ययन कर लें। सभी नोडल अधिकारी अपने सहायक नोडल अधिकारियों से सतत संपर्क में बने रहें। बैठक में नोडल अधिकारियों के कार्य विभाजन एवं कार्य की प्रकृति की विस्तृत जानकारी मास्टर ट्रेनर श्री पंकज दुबे द्वारा प्रदान की गई।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि सभी जिला प्रमुख अपने विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जानकारी आवश्यक रूप से जिला निर्वाचन कार्यालय में उपलब्ध करायें। इसके आधार पर चुनाव संबंधी कार्यों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि अपर कलेक्टर की अनुमति के बिना किसी अधिकारी को अवकाश प्रदान नहीं किया जाएगा। मेडीकल अवकाश मेडीकल बोर्ड की रिपोर्ट के आधार पर ही प्रदान किया जाएगा। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा ईपीडीएस नामक सॉफ्टवेयर बनाया गया है जिसमें जिले के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का डाटाबेस अपलोड किया जाएगा। ड्यूटी आदेश भी इसी सॉफ्टवेयर के माध्यम से जनरेट किए जाएंगे जिसकी सूचना अधीनस्थों को देना जिला प्रमुखों की जिम्मेदारी होगी। कलेक्टर ने नोडल अधिकारी ईवीएम प्रबंधन को निर्देशित किया कि वे विधानसभावार स्ट्राँग रूम का चिन्हांकन कर लें। उन्होंने नोडल अधिकारी परिवहन व्यवस्था को निर्देशित किया कि वे जिले के सभी मतदान केन्द्रों के पहुंच मार्गों की जाँच कर उसके अनुरूप वाहनों की व्यवस्था कराएं। किराये से लिए जाने वाले वाहनों के किराया पत्रक का प्रारूप तैयार करें। उन्होंने नोडल अधिकारी प्रशिक्षण प्रबंधन को निर्देशित किया कि वे विधानसभा चुनाव के लिए प्रदान की जाने वाली जिला स्तरीय एवं विधानसभा स्तरीय ट्रेनिंग का कैलेण्डर तैयार कर लें। ट्रेनिंग के दौरान मतदान कर्मियों को मॉकपोल के माध्यम से ईवीएम एवं व्हीव्हीपीएटी की कार्य प्रणाली समझाएं। कलेक्टर ने कहा कि नि:शक्तजनों के लिए मतदान केन्द्रों पर व्हीलचेयर्स एवं वॉकर की व्यवस्था की जाएगी।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री केडी त्रिपाठी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री पीसी शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राकेश खाखा, उपजिला निर्वाचन अधिकारी श्री आदित्य रिछारिया, अतिरिक्त सीईओ श्री दीपक राय तथा संबंधित निर्वाचन नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।





























































