उमरिया – ईपत्रकार.कॉम |ग्रामीणों की समस्याओं को जानने, शासकीय योजनाओ एवं कार्यक्रमों का लाभ हितग्राहियों मिलने की तहकीकात करने तथा समस्याओं का मौके पर निराकरण करने के लिए जिला प्रशासन का दल करकेली विकास खण्ड के ग्राम पंचायत जरहा, नयागांव, रहठा एवं बेलसरा में पहुंचा जहां खुले आसमां एवं पेड़ के नीचे ग्रामीणों की चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याओ का निराकरण किया गया।
इस अवसर पर विधायक श्री शिवनारायण सिंह कलेक्टर श्री माल सिंह, सीईओ जनपद पंचायत आर के मण्डावी, कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकीय ए पी निगम,जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. बी पी पटेल, सीएमएचओ डॉ. राजेश श्रीवास्तव, जिला शिक्षा अधिकारी रणमत सिंह, सहायक आयुक्त आजाक श्री आनंद राय सिन्हां, सहित जिला एवं खण्ड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री माल सिंह ने चौपाल में ग्रामीणों का आव्हान किया कि जो भी समस्यायें एवं हितलाभ प्राप्त करने में कठिनाईयां आ रही है उसे बेहिचक रखे जिससे उनका निराकरण कराया जा सके। इस दौरान स्कूल भवन निर्माण की जांच कराने, रहठा के रोजगार सहायक की इस आशय की शिकायत मिली कि हितग्राहियो से कम्प्यूटर मे डाटा इन्ट्री के लिए पैसो की मांग की जाती है, वही हर काम मे रोड़ा अटकाता है। जिस पर गहरी नाराजगी जाहिर करते हुए कलेक्टर ने उसे पद से पृथक करने के निर्देश दिए है। इस दौरान तालाब गहरीकरण का कार्य भी तत्काल प्रारंभ कराने के निर्देश दिए गए है। ग्रामीणों की मांग पर पानी की समस्यां का समाधान करने के निद्रेश कलेक्टर ने कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकीय को दिया।
चौपाल मे ग्रामीणों ने असंगठित मजदूरों के पंजीयन कराने की बात स्वीकारी वहीं खाद्यान्न मिलने, मजदूरी का भुगतान होने, गेहूं उपार्जन एवं भावांतर की राशि प्राप्त होने, प्रधानमंत्री आवास की किस्त मिलने, पेंशन का भुगतान आदि मिलने वाली सुविधाओं के संबंध में सकारात्मक पहल बताया। ग्रामीणो ने कहा कि कलेक्टर का जबसे ग्रामीण अंचलों में भ्रमण होना शुरू हुआ है उससे अधिकारियों कर्मचारियों द्वारा प्रशासन की योजनाओ की जानकरी देने के साथ साथ लाभ भी समय पर दिलाया जा रहा है । छोटी मोटी समस्याओं के अलावा अब कोई बडी समस्यां नही रह गई है, इसके लिए ग्रामीणों ने क्षेत्रीय विधायक श्री शिवनारायण सिंह एवं कलेक्टर के प्रति आभार भी व्यक्त किया।
चौपाल में जिला मलेरिया अधिकारी डॉ.डी पी पटेल ने ग्रामीणों को बताया कि मलेरिया निरोधक माह जून में सभी ग्रामीण मलेरिया की जांच कराए। मलेरिया से बचाव हेतु अपने नजदीकी उप स्वास्थ्य केंद्रों एवं अस्पतालों में खून की जांच कराएं तथा डॉ. की सलाह पर दवाईयों का उपयोग करें ताकि मलेरिया बीमारी से बचा जा सके।
इस अवसर पर खुल में शौच से मुक्त करने की समझाइश ग्रामीणो को दी गई। ग्रामीणों ने माना कि गंदगी से विभिन्न प्रकार की बीमारियां घर करती है वहीं बाहर शौच करने से बहन बेटी की मर्यादा पर भी विपरित असर पडता है। इसे दृष्टिगत रखते हुए चौपाल में ग्रामीणों ने स्वयं शौचालय बनाने, दूसरो को बनाने के लिए प्रेरित करने तथा शौचालय का शत प्रतिशत उपयोग करने के शपथ भी ली।
कलेक्टर एवं अधिकारियो के संयुक्त भ्रमण से वास्तविक समस्याओं का निराकरण होने पर ग्रामीणों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह पहला मौका है जब प्रशासन ग्रामों में आकर समस्याओं का मौके पर ही निराकरण कराया गया है।





























































