शहडोल – ईपत्रकार.कॉम |कलेक्टर श्रीमती अनुभा श्रीवास्तव की उपस्थिति में जिला आपदा प्रबंधन समिति की पूर्व तैयारियों एवं क्रियान्वयन के संबंध में बैठक सम्पन्न हुई। जिसमें अपर कलेक्टर श्री अशोक ओहरी, संयुक्त कलेक्टर श्री सुरेश अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रवीण कुमार सिंह, जिला कमांडेण्ट होमगार्ड डिप्टी कलेक्टर श्री सतीष राय, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग श्री डी.के. खरे एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी शहडोल श्री अमित तिवारी, मुख्य नगरपालिका अधिकारी धनपुरी श्री रविकरण त्रिपाठी सहित पुलिस, राजस्व विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर श्रीमती अनुभा श्रीवास्तव ने कहा कि आपदा प्रबंधन के लिये आपदा संभावित एवं संवदेनशील क्षेत्रों को सूचीबद्ध कर लिया जाये। जिले एवं ब्लॉक स्तर पर आपदा प्रबंधन समिति को पुर्नगठित कर समिति के सदस्यों को अपेक्षित जिम्मेदारियों से अवगत कराया जाये। आपदा के दौरान राहत पहुंचाने के लिये नोडल अधिकारियों का चयन कर लिया जाये।
जिले के सभी विभाग के अधिकारी आपदा प्रबंधन हेतु आवश्यक उपकरणों, दवाओं एवं वाहनों, लाईफ सेविंग व्यवस्था को दुरूस्त कर लें, ताकि आवश्यकता पड़ने पर त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके। आपदा प्रबंधन संभावित ग्रामों की आपदा प्रबंधन की सशक्त एवं सुदृढ़ योजना बनाई जाये। उन्होनें कहा कि माईनिंग क्षेत्रों में खनन आदि के कारण ओपन कास्ट माईन्स जो बंद हो गई है, उनकी फिलिंग भी सुनिश्चित कर ली जाये, ताकि अनचाहे आपदा से बचा जा सके। इसी प्रकार राष्ट्रीय राजमार्ग, रेलवे लाईन के जोखिम संभावित क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कर ली जाये। जिला कमान्डेंट होमगार्ड ने क्विक रिपान्स टीम के लिये एनजीओ, मीडिया एवं गांव के लोगों को जोड़ने संबंधित मांग की।
जिस पर कलेक्टर ने उन्हें प्रकरण समय-सीमा की बैठक में रखने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि आपदा प्रबंधन के समय की गई कार्यवाही एवं आवश्यक अपील जिला जन सम्पर्क अधिकारी को प्रेषित करें, ताकि आपदा प्रबंधन में जन जागरूकता की जा सके। कलेक्टर श्रीमती श्रीवास्तव ने नगरपालिका अधिकारी शहडोल को निर्देशित किया कि आपदा प्रबंधन हेतु शव वाहन की व्यवस्था सुनिश्चित कर लें, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल उपलब्ध हो सके। कलेक्टर ने मत्स्य विभाग के अधिकारी को निर्देश दिये कि ग्रामवार मछुवारों की सूची जिला कमांडेंट को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।






























































