जिला निर्वाचन अधिकारी ने विधानसभा निर्वाचन 2018 की तैयारियों की समीक्षा की

0

रीवा  – ईपत्रकार.कॉम |जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर प्रीति मैथिल नायक ने विधानसभा निर्वाचन 2018 की तैयारियों के संबंध में अनुविभागीय अधिकारियों व तहसीलदारों की बैठक में निर्देश दिये कि मतदाता सूची में जनसंख्या अनुपात में मतदाताओं की कमी के मद्देनजर जेंडर व ईपी अनुपात बढ़ाने का कार्य करें।

बैठक में उन्होंने कहा कि जनसंख्या अनुपात में महिला मतदाताओं की संख्या कम है अत: इनमें पात्र मतदाताओं को जोड़ते हुए 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके मतदाताओं के नाम जोड़ने की कार्यवाही करायें। जिला निर्वाचन अधिकारी ने अनुविभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये कि प्रत्येक विधानसभा में स्वीप प्लान के अंतर्गत कालेज व उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में प्रचार-प्रसार हेतु जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जायें। उन्होंने नवीन एपिक कार्डों के वितरण कराने व पुराने कार्डों को जमा कराये जाने की बात भी बैठक में कही।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने क्रिटिकल, अति संवेदनशील व शैडो एरिया वाले मतदान केन्द्रों के लिये अनुभाग स्तर पर पुलिस के साथ बैठक कर सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। बैठक में निर्वाचन प्लान, मतदान केन्द्रों के भवन संशोधन हेतु सत्यापन कर पत्रक में जानकारी देने सहित ईआरओ नेट में बीएलओ व बीएलओ सुपरवाइजर की अपडेट स्थिति की भी जानकारी कलेक्टर द्वारा प्राप्त की गई। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मकान में 10 से अधिक मतदाताओं की पहचान की पुष्टि बीएलओ के रजिस्टर के परीक्षण उपरांत किया जाना सुनिश्चित करायें। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि सभी मतदान केन्द्रों में न्यूनतम सुविधाएँ हों इसका सत्यापन अनिवार्यत: करें।

बैठक में अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी बीके पाण्डेय ने कहा कि अनुविभागीय अधिकारी व तहसीलदार मतदान केन्द्रवार कम्यूनिकेशन प्लान बनाकर भेजें तथा बूथ लेवल में कम्यूनिकेशन दल प्रभारी दल प्रभारी बीएलओ बनायें। इस दौरान अनुविभागीय अधिकारियों व तहसीलदारों ने विधानसभा क्षेत्रन्तर्गत की गयी प्रारंभिक निर्वाचन तैयारियों के विषय में जानकारी ली।

Previous articleराज्य महिला आयोग द्वारा आयोजित किया गया विधिक जागरुकता शिविर
Next articleजनसुनवाई में सुनी गई 255 आवेदकों की समस्याएं