ग्वालियर – ईपत्रकार.कॉम |नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा है कि मध्यप्रदेश सरकार गरीबों को ध्यान में रखकर कार्य कर रही है। जितनी मूलभूत सुविधाओं की जरूरत है उतना ही सकारात्मक विकास भी जरूरी है। मध्यप्रदेश सरकार इसी को ध्यान में रखते हुए कार्य कर रही है। श्रीमती माया सिंह आज यहाँ नगर के वार्ड -18 के जीएल सेक्टर दीनदयालनगर में सीसी रोड़ के भूमिपूजन समारोह को संबोधित कर रही थीं। इस सीसी रोड़ की लागत 56 लाख 50 हजार रूपए है।
श्रीमती माया सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार नगरीय क्षेत्रों में पेयजल एवं सीवर के कार्यों को विशेष प्राथमिकता दे रही है। प्रदेश के नगरीय क्षेत्रों में 135 लीटर पेयजल प्रति व्यक्ति के मान से उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। इसी प्रकार सीवर के कार्य भी बड़े पैमाने पर हाथ में लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि ग्वालियर जिला सूखाग्रस्त घोषित हो चुका है। पूरे एरिया को एनसीआर में शामिल कर चंबल नदी से पानी लाने की योजना प्रक्रिया में है। उन्होंने कहा कि ककैटो का पानी समाप्त हो चुका है। अब वहाँ सिर्फ जानवरों के लिए पानी शेष बचा है। अब हम पहसारी बांध से पानी ला रहे हैं। वह भी समाप्त होने वाला है। अब केवल वर्षा पर ही निर्भर रहना होगा। इसलिए जल बचाना आवश्यक है। सभी लोग जरूरत के अनुसार जल का उपयोग करें। जिन घरों में पानी नहीं पहुँच रहा है, उनकी मदद करें। यह भी एक बहुत बड़ा सामाजिक सरोकार होगा। इस संकट की घड़ी का हम सभी को मिलकर सामना करना होगा। उन्होंने कहा कि नगर के जिन क्षेत्रों में अधिक जल संकट है वहाँ पर परिवहन के द्वारा पानी भेजेंगे। उन्होंने सभी से कहा कि पानी का अपव्यय नहीं होने दें।
श्रीमती माया सिंह ने कहा कि पाल डेयरी से लेकर बीएसएफ नाला तक इस सीसी रोड़ का निर्माण कराया जायेगा। उन्होंने बताया कि वार्ड-18 में 20 करोड़ से अधिक के कार्य हो चुके हैं। जहाँ सीवर लाईन का कार्य पूर्ण हो गया है, वहाँ पर अब सड़कें बनवाई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि ई-नगर पालिका की शुरूआत प्रदेश में कर दी गई है। अब नगरीय निकाय के सभी कार्य इसके माध्यम से कम समय में हो सकेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी नगरीय निकाय अधिक सक्षम होकर अच्छा कार्य कर रहे हैं।
एमआईसी सदस्य श्री धर्मेन्द्र राणा ने कहा कि ग्वालियर नगर में कुल 66 वार्ड हैं। जिसमें से वार्ड-18 सबसे बड़ा है। इस वार्ड में प्राथमिकता से करोड़ों रूपए लागत के विकास कार्य कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि नगर के अधिकांश नलकूप सूख गए हैं। नगर में जल संकट को दृष्टिगत रखते हुए सभी लोग पानी को सहेजें। क्षेत्रीय पार्षद श्री जबर सिंह ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि नगर में विकास की धारा जारी है और यह आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि नगरीय विकास एवं आवास मंत्री द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों को सभी को बताएं। इस अवसर पर बड़ी संख्या में वार्ड के गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

































































