शहडोल – ईपत्रकार.कॉम |समन्वयक जन अभियान परिषद श्री विवेक पाण्डेय ने कहा है कि पर्यावरण की सुरक्षा के लिये पानी की एक-एक बूंद बचाना आवश्यक है। उन्होने कहा कि हमने धरती में हजारों साल से संरक्षित जल का उपयोग किया है। अब हमारी बारी है कि हम पानी की एक-एक बूंद को रोकर जल का संवर्द्धन एवं संरक्षण करें। उन्होने कहा है कि पानी सभी की आवश्यकता है, पानी रोकने के लिये सभी को समन्वित प्रयास करने चाहिए। पानी की एक-एक बूंद बचाने का प्रयास करना चाहिए। समन्वयक जन अभियान परिषद श्री विवेक पाण्डेय गत दिवस ग्राम पंचायत हथगला में लोगों को पानी के महत्व के संबंध में समझाईस दे रहे थे।
गौरतलब है कि बुढ़ार जनपद पंचायत के ग्राम पंचायत हथगला में जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री विवेक पाण्डेय के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के तहत ग्राम पंचायत में कसेंढ़ नदी में श्रमदान किया गया। कसेढ़ नदी की साफ-सफाई की गई जिसमें मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम में छात्रों की अहम भूमिका रहीं। छात्र-छात्राओं ने कसेंढ़ नदी की साफ सफाई की तथा कसेढ़ नदी के गहरीकरण के प्रयास किये। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने ग्रामीणों को जल संरक्षण के महत्व के बारे में समझाईस दी तथा कहा कि वे पानी की एक-एक बूंद को बचायें। कसेंढ़ नदी के साफ-सफाई के लिये बुढ़ार विकास खण्ड के स्वैच्छिक संगठन, सामाजिक संगठन, जन अभियान परिषद की प्रस्फुटन समिति के लोगों ने कसेढ़ नदी के संरक्षण का बीणा उठाया है। लोगों को चौपाल लगाकर जलसंरक्षण का महत्व बताया जा रहा है।
कसेढ़ नदी के श्रमदान में आशीष नामदेव, दीप्ति पाण्डेय, राज पाण्डेय, रामनरेश कुशवाहा, सुरेश मिश्रा, राकेश लक्ष्यकार, अखिलेष, रूही बेगम, संतोषी सिंह, प्रेमलाल, बाबूलाल, हेतराम, मोहम्मद हनीफ, गंगवती, अंकिता एवं प्रस्फुटन समिति के जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण जन उपस्थित रहे।




























































