प्रेक्षक श्री तिवारी व श्री सालूजा ने किया नगरीय निकायों का पर्यवेक्षण

0

धार- (ईपत्रकार.कॉम) |बुधवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में निर्वाचन पर्यवेक्षक श्री डी.पी. तिवारी, श्री सालूजा व कलेक्टर श्री श्रीमन् शुक्ला की अध्यक्षता में फोटोयुक्त मतदाता सूची के सतत पुनरीक्षण तथा आगामी नगरीय निकायों के चुनावों की तैयारियों की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में एडीएम श्री डी.के. नागेन्द्र, उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुश्री भव्या मित्तल, सभी एसडीएम, परियोजना अधिकारी डूडा श्री आर.एस. मण्डलोई सहित जिला अधिकारीगण, तहसीलदार, नगरीय निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारी, मास्टर ट्रेनर्स, अन्य संबंधित अधिकारीगण/कर्मचारीगण मौजूद थे।

बैठक में प्रेक्षक श्री डी.पी. तिवारी द्वारा बताया गया कि 9 नगरीय निकायों में चुनाव होना है। इसलिए मतदाता सूची का सतत पुनरीक्षण किया जा रहा है। पूर्व में निर्धारित चुनाव अपरिहार्य कारणों से स्थगित किए गए थे। अब माह नवम्बर-दिसम्बर में चुनाव प्रस्तावित है। इस बढ़ी हुई समयावधि की वजह से नये वयस्क मतदाताओं के नाम जोड़े जाने व मृतक मतदाताओं के नाम निर्वाचन सूची से हटाने जाने की कार्यवाही में विशेष सावधानी की आवश्यकता है। दिनांक 4 अक्टूबर को मतदाता सूची प्रारूप का प्रकाशन किया गया है। प्रकाशन के साथ ही दिनांक 3 नवम्बर 2017 तक दावे/आपत्ति प्राप्त की जाएगी तथा प्राप्त दावों/आपत्तियों का निपटारा 30 नवम्बर 2017 तक किया जाना निर्धारित है। उन्होने कहा कि इस बात का ध्यान रखा जाए कि मतदाताओं के आधार नंबर व मोबाइल नंबर मतदाता सूची में दर्ज करना सुनिश्चित करे।

बैठक में प्रेक्षक श्री सालूजा ने कहा कि दावे/आपत्ति के निराकरण पर गंभीरता से सावधानी बरती जाए। उन्होने कहा कि प्रतिदिन प्राप्त होने वाले दावे/आपत्ति का प्रकाशन किया जाए। उन्होने कहा है कि मतदाता सूची की परिशुद्धता पर विशेष ध्यान दिया जाए और राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूची संबंधी समस्त कार्य समयबद्ध तरीके से करें। यदि कोई मतदाता यहा से अन्यत्र चला गया हों या उसकी मृत्यु हो गई हो, तो उसका नाम हटाने की कार्यवाही प्राधिकृत अधिकारी करें। इसी प्रकार नये मतदाताओं के नाम सूची में जोड़ने की कार्यवाही भी सुनिश्चित की जावे। बैठक में प्रेक्षक द्वारा स्थानीय निर्वाचन से संबंधित समस्याओं पर मार्गदर्षन व सुझाव भी दिए गए।

बैठक में कलेक्टर श्री शुक्ला ने कहा कि मतदाता सूची की परिशुद्धता व विश्वसनीयता ही पारदर्शी निर्वाचन का आधार है। उन्होने कहा कि प्रेक्षक द्वारा बताई गई कमियों पर विशेष ध्यान देते हुए हमे गंभीरता से उस क्षेत्र में कार्य करने की आवश्यकता है। एक ही मतदाता का दो जगह नाम नही होना चाहिए, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। निर्वाचन से संबंधित अधिकारी अब से चुनाव समाप्ति तक बिना अनुमति पूर्व मुख्यालय नही छोड़े। प्रेक्षक ने बताया कि कई निकायों में निर्वाचन संबंधी वार्डवार रजिस्टर नही बनाए गए है, इस दिशा में सुधार करते हुए संबंधित निकायों में वार्डवार व दिनांकवार रजिस्टर बनाए जाए। बैठक में बताया गया कि पीथमपुर नगरीय निकाय में वार्ड आरक्षण की कार्यवाही अब तक नही की गई है, जल्द ही यहॉं वार्ड आरक्षण की कार्यवाही प्रारंभ की जाए। बैठक में कलेक्टर श्री शुक्ला ने कहा कि सभी रजिस्ट्रीकरण अधिकारी व सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी प्रत्येक बूथ पर जाकर स्वयं निरीक्षण करे। संभवतः वार्ड पर ही मतदाता केन्द्र हो, यह सुनिश्चित किया जाए। यदि वार्ड के बाहर मतदाता केन्द्र हो, तो ऐसी स्थिति से अवगत कराए। एक पोलिंग स्टेशन पर 3 से अधिक मतदाता केन्द्र नही बनाए जाए, इस पर विशेष ध्यान दिया जाए।

Previous articleधुलकोट क्षेत्र में शिविर लगाकर राशन कार्ड को आधार से लिंक करवायें – कलेक्टर श्री सिंह
Next articleसुरक्षा संबंधी शर्ते पूरी नहीं करने वाले स्कूली वाहनो पर होगी सख्त कार्यवाही -कलेक्टर

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here