बुरहानपुर के युवाओं के लिये रोजगार के नये अवसर खुलेंगे-कलेक्टर श्री सिंह

0

बुरहानपुर – (ईपत्रकार.कॉम) |बुरहानपुर के युवको और युवतियों के लिये रोजगार के नये अवसर खुलेंगे, जिससे वे स्वयं का रोजगार स्थापित कर सकते है तथा आर्थिक रूप संपन्न हो सकेगें। यह बात कलेक्टर श्री दीपक सिंह ने सोमवार को शासकीय आईटीआई परिसर बुरहानपुर में रोजगार मेला कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि रोजगार मेले का मुख्य उद्देश्य जिले के शिक्षित बेरोजगार युवकों और युवतियों को निजी संस्थानों में रोजगार उपलब्ध कराना हैं तथा विभिन्न विभागों में संचालित शासकीय योजनाओं की जानकारी उपलब्ध करवाना हैं।

कलेक्टर ने दी शासकीय योजनाओं की जानकारी
कलेक्टर ने जानकारी देते हुए बताया कि, शासन द्वारा युवाओं को किसी भी क्षेत्र में कौशल विकास हेतु औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) द्वारा कई प्रकार के कोर्स संचालित किये जा रहे हैं। जिनका लाभ लेकर युवा रोजगार प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि, आठवी, दसवी एवं 12 वीं के बाद पढ़ाई छोड़ चुके युवाओं के लिये निःशुल्क प्रशिक्षण कार्य संचालित किये जा रहे हैं। युवतियां मुख्यमंत्री कौशल्या योजना के तहत एवं युवक मुख्यमंत्री कौशल संवर्धन योजना व आईटीआई चलो अभियान के तहत कौशल विकास का लाभ ले सकते हैं। उन्होंने सभी से शासन की विभिन्न योजनाओं का आगे आकर लाभ लेने का आव्हान किया।

दिसम्बर माह तक तीन रोजगार मेले का आयोजन होगा
कलेक्टर ने कहा कि हर माह में एक रोजगार मेला आयोजित कर दिसम्बर माह तक तीन रोजगार मेले आयोजित किये जायेगे। जो युवा प्रशिक्षण ले चुके हैं वे रोजगार मेले में आयी हुई कपंनियों में विभिन्न पदों पर भर्ती हो सकते हैं। जिन युवाओं को रोजगार प्राप्त नहीं हुआ हैं, वे प्रशिक्षण प्राप्त करके आगामी रोजगार मेले में पुनःशामिल हो सकते हैं। कलेक्टर ने रोजगार अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि पिछले एक वर्ष में रोजगार मेलो में आयी हुई कंपनियों की जानकारी लेकर उन्हें आगामी रोजगार मेलो में आमंत्रित करवाना सुनिश्चित करें, ताकि जिले के अधिक से अधिक बेरोजगार युवकों एवं युवतियों को लाभान्वित किया जा सकें।

प्रभारी जिला रोजगार अधिकारी श्री जितेन्द्र सिंह निगवाल ने मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना का जिक्र करते हुए बताया कि युवा बैंक से ऋण लेकर भी अपना स्वयं का रोजगार शुरू कर सकते हैं। इसमें मार्जिन मनी भी बहुत कम लगती हैं। इसके अलावा महिलाऐं निःशुल्क प्रशिक्षण प्राप्त कर घरेलू काम-काज प्रारंभ कर रोजगार से जुड़ सकती हैं। उन्होंने बताया कि इस रोजगार मेले में केप्टन सिक्योरिटी कंपनी हैदराबाद, शिवम सिक्योरिटी प्रा.लि.कंपनी खण्डवा, भारतीय जीवन बीमा निगम बुरहानपुर, रिलायन्स लाईफ इंश्योरेंस बुरहानपुर, बिरला सन लाई इंश्योरेंस बुरहानपुर, न्यूट्री साइंस इंदौर और कृषिधन बायोकेयर प्रा.लि.इंदौर कंपनी ने विभिन्न पदों पर भर्ती होने के लिये सहभागिता की। रोजगार मेला अवसर पर आरसेटी, जिला अग्रणी बैंक एवं पेराडाइज कैरियर के स्टॉल लगाये गये। रोजगार मेले में उद्योग विभाग, स्टॉर स्वरोजगार प्रशिक्षण केन्द्र बुरहानपुर, जिला अग्रणी बैंक, पेराडाइज केरियर एकेडमी, बालाजी प्रशिक्षण केन्द्र नेपानगर द्वारा प्रदर्शनी स्टाल लगाकर शासकीय योजनाओं की जानकारी दी।

560 युवकों व युवतियों का पंजीयन, 379 को रोजगार के अवसर
प्रभारी जिला रोजगार अधिकारी श्री निगवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि सोमवार को आयोजित रोजगार मेले में जिले के 560 युवकों और युवतियों का पंजीयन किया गया। जिसमें से 379 युवकों एवं युवतियों को कंपनियों द्वारा रोजगार के अवसर दिये गये। इस अवसर पर भारतीय जीवन बीमा निगम बुरहानपुर 40, केप्टन सिक्योरिटी हैदाराबाद की कंपनी में 66, न्यूट्री साइंस इंदौर 64, बिरला सनलाईफ इंश्योरेंस बुरहानपुर 56, रिलायन्स लाईफ इंश्योरेंस 93, कृषिधन बायोकेयर प्रा.लि. 15 और शिवम सिक्योरिटी गार्ड प्रा.लि.खण्डवा कंपनी ने 40 को अवसर दिया हैं। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत श्री अमिताभ सिरबैया, संयुक्त कलेक्टर श्री श्यामेन्द्र जायसवाल, उद्योग महाप्रबंधक श्री हरीश त्रिपाठी, एलडीएम श्री के.पी.सौनिक, प्राचार्य आईटीआई, कार्यक्रम प्रभारी श्री निक्की कोरी सहित रोजगार कार्यालय का समस्त स्टॉफ उपस्थित रहा।

Previous articleतलून स्कूल में किया गया 130 विद्यार्थियों का नेत्र परीक्षण
Next articleवित्तीय साक्षरता पखवाड़े का शुभारंभ

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here