अशोकनगर – ईपत्रकार.कॉम |अपर कलेक्टर डॉ. अनुज रोहतगी की अध्यक्षता में गुरूवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बैंकर्स की जिला स्तरीय सलाहकार समीक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में रिजर्व बैंक के प्रतिनिधि श्री गोयल, जिला प्रबंधक लीड बैंक श्री ओ.पी.नेमा, बैंकर्स एवं संबंधित विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।
अपर कलेक्टर डॉ. रोहतगी ने कहा कि वित्तीय वर्ष के तहत विभिन्न विभागों द्वारा शासकीय योजनाओं के अंतर्गत बैंकों को प्रेषित लक्ष्य अनुरूप प्रकरणों को स्वीकृति प्रदान संबंधित हितग्राहियों को लाभ का वितरण कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने ब्रांचवार विभागीय लक्ष्यों की पूर्ति की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि बैंकों में शेष रहे प्रकरणों पर यथोचित कार्यवाही की जाए। सभी बैकर्स हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ पात्रों को दिलाना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि बैंकर्स योजनावार प्रकरणों के अनुसार की गई कार्यवाही को और बेहतर ढंग से लक्ष्यानुरूप कार्यों को गति दें। शासकीय योजनाओं के लक्ष्यों की शतप्रतिशत पूर्ति कर अच्छा कार्य करें। प्रकरण अनावश्यक बैंकों में लंबित न रखें इस बात का विशेष ध्यान दिया जाए। हितग्राहियों के ऋण प्रकरण स्वीकृत कर स्वरोजगार हेतु उन्हें ऋण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ दिलाये जाने हेतु हर संभव प्रयास किये जाए।
बैठक में विभिन्न शासकीय ऋण योजनाओं के अंतर्गत प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में वित्तीय समावेशन, डिजीटल लेनदेन में प्रगति, आधार कार्ड लिंकिंग, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास मिशन योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री आर्थिक योजना, शिक्षा ऋण गांरटी तथा क्रेडिट कार्ड के संबंध में विस्तार से समीक्षा की गई है।





























































