धार – ईपत्रकार.कॉम |महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की बैठक बुधवार को यहॉ जिला पंचायत सभाकक्ष में कलेक्टर श्री दीपक सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। श्री सिंह ने लाड़ली लक्ष्मी योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की और गंधवानी, उमरबन, कुक्षी, डही तथा तिरला परियोजना अधिकारी का कार्य संतोषजनक नही पाए जाने पर नाराजगी जाहिर की और इन अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्य में सुधार लाने के भी इन अधिकारियों को निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि लाड़ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत जिले में 10 हजार 253 हितग्राहियों को लाभान्वित करने का लक्ष्य है। जिसके विरूद्ध 7 हजार 430 हितग्राहियों को दिसम्बर अंत तक लाभान्वित किया जा चुका है। यह लक्ष्य का 72.47 प्रतिशत है। इसी प्रकार प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत जिले में जारी वित्तीय वर्ष में 26 हजार 992 हितग्राहियों को लाभान्वित करने का लक्ष्य है। जिसके विरूद्ध 14 हजार 930 हितग्राहियों को दिसम्बर अंत तक लाभान्वित किया जा चुका है, जो कि 55.31 प्रतिशत है।
कलेक्टर श्री सिंह ने इस योजना के अंतर्गत जिन परियोजना क्षेत्रों में प्रगति कम पाए जाने पर असंतोष व्यक्त किया और इन परियोजना अधिकारियों को शोकाज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। श्री सिंह ने पोषण पुनर्वास केन्द्रों में अति कम वजन के भर्ती बच्चों की स्थिति की समीक्षा की और जिन पोषण पुनर्वास केन्द्रों में अतिकम वजन के बच्चों की संख्या कम पाई गई है, उन परियोजना अधिकारियों तथा खण्ड चिकित्सा अधिकारियों को कार्य में सुधार लाने के निर्देश दिए। साथ ही जिला अधिकारियों को निर्देश दिए है कि वे इन अधिकारियों की जवाबदेही तय कर उनके विरूद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
श्री सिंह ने शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम टीकाकरण की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस बैठक में मातृत्व स्वास्थ्य प्रसव संबंधी, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिए है कि वे इन योजनाओं के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्य की पूर्ति करने के निर्देश दिए।
इस बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ आर सी पनिका, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्री बी एल विश्नोई, सहायक संचालक महिला सशक्तिकरण श्री विक्रांत दामले, समस्त परियोजना अधिकारी, सुपरवाईजर, खंड चिकित्सा अधिकरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।






























































