शाजापुर – (ईपत्रकार.कॉम) |विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राएं स्वयं स्वच्छता को अपनाए और अपने परिजनों को भी स्वच्छता के साथ रहने के लिए प्रेरित करें। यह बात कलेक्टर श्रीमती अलका श्रीवास्तव ने आज रंथभंवर के हायरसेकेण्ड्री, माध्यमिक एवं प्राथमिक विद्यालय के छात्र-छात्राओं से जिला स्तरीय हाथ धुलाई कार्यक्रम में कही। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ डॉ. वीरेन्द्र सिंह रावत, जनपद पंचायत सीईओ कु. पूजा मालाकार, जिला समन्वयक शिक्षा मिशन श्री आर.के. शिप्रे, सरपंच श्री अशोक पाटीदार, उप सरपंच श्री गोविन्द सोनी सहित विद्यालय का स्टाफ और छात्र-छात्राएं मौजूद थी।
कलेक्टर श्रीमती श्रीवास्तव ने संबोधित करते हुए कहा कि देश को स्वतंत्र हुए 70 वर्ष से अधिक हो गए है किन्तु आज भी खुले में शौच के लिए जाने से अनेक प्रकार की संक्रामक बीमारियां फैल रही है। खुले में शौच जाने की प्रवृत्ति को रोकना होगा। स्वच्छ भारत अभियान के तहत जिले को खुले में शौच से मुक्त किया जाना है इसके लिए जरूरी है कि प्रत्येक ग्राम खुले में शौच से मुक्त हो। उन्होंने कहा कि शौचालय निर्माण के उपरांत उसका उपयोग भी करें। विद्यार्थिगण अपने परिजनों को शौचालय के उपयोग के लिए प्रेरित करें और स्वच्छता का महत्व बताए। साथ ही खुले में शौच को जाने वाले व्यक्तियों को हतोत्साहित करें। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को संकल्प भी दिलाया कि वे स्वच्छता से रहेंगे और अपने आसपास गंदगी नहीं होने देंगे। इस मौके पर उन्होंने खाना पकाने एवं खाना परोसने के पहले, खाना खाने के पहले एवं शौच से आने के उपरांत अच्छी तरह से साबुन से हाथ धोने के लिए कहा। इस मौके पर उन्होंने सही तरीके से हाथ धोने का डेमो भी दिया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ डॉ. रावत ने बताया कि जिले में 15 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक संचालित हो रहे स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत स्वच्छता के लिए विशेष गतिविधियां संचालित की जा रही है। इसी के तहत रंथभंवर में जिला स्तरीय हाथ धुलाई कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उन्होंने ग्राम के शीघ्र ही ओडीएफ होने पर अग्रिम शुभकामना दी। ग्राम के सरपंच श्री पाटीदार ने भी संबोधित करते हुए कहा कि उनका ग्राम शीघ्र ही ओडीएफ (खुले में शौच से मुक्त) होने वाला है। कार्यक्रम का संचालन श्री कमल अमरतिया ने किया।





























































