सभी पर्वों पर श्रद्धालुओं के लिए हों उत्तम व्यवस्थाएं – मुख्य सचिव श्री मोहंती

0

उज्जैन – (ईपत्रकार.कॉम) |विभिन्न पर्वों व अवसरों पर क्षिप्रा नदी के विभिन्न घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए स्नान दर्शन आदि की सभी व्यवस्थाएं उत्तम हों। क्षिप्रा नदी में निरंतर जल प्रवाहमान हो तथा स्वच्छ एवं निर्मल हो। सभी संबंधित विभाग पूर्ण समन्वय के साथ कार्य करें। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुख्य सचिव श्री एस.आर. मोहंती ने आज रविवार को अपने उज्जैन प्रवास के दौरान रामघाट और क्षिप्रा नदी तट के निरीक्षण के दौरान यह निर्देश दिये। उन्होंने राणोजी की छतरी से क्षिप्रा के विभिन्न घाटों का अवलोकन किया तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिये।

उल्लेखनीय है कि मकर संक्रांति पर्व पर स्नान के लिए रामघाट पर प्रशासन द्वारा चाक चौबंद व्यवस्थाएं की गई हैं। नगर पालिका निगम जगह- जगह नियंत्रण कक्ष बनाये गये हैं। वस्त्र बदलने के लिए अस्थाई टेंट बनाये गये हैं। इसके अलावा स्नान करने के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बचाव और तैराक दल को जगह- जगह तैनात किया गया है।

क्षिप्रा नदी में गहरे पानी के समीप चेतावनी के बोर्ड लगाये गये हैं। महिलाओं के वस्त्र बदलने के लिए स्थाई चेंजींग रूम बनाये गये हैं। नियंत्रण कक्ष में लाउड स्पीकर के माध्यम से समय-समय पर घोषणा करने की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा रात्रि में पर्याप्त रोशनी के लिए अतिरिक्त एलईडी बल्ब लगवाये गये हैं। फायर ब्रिगेड और एम्बूलेंस की व्यवस्था भी घाट पर की गई है।

रामघाट पर स्नान के लिए की गई व्यवस्थाओं पर मुख्य सचिव श्री मोहंती ने संतोष व्यक्त किया। इस दौरान अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री आर एस जुलानिया, प्रमुख सचिव श्री प्रमोद अग्रवाल, श्री विवेक अग्रवाल, संभागायुक्त श्री अजीत कुमार, आईजी श्री राकेश गुप्ता, कलेक्टर शशांक मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्री सचिन अतुलकर, नगर निगम आयुक्त सुश्री प्रतिभा पाल सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद थे।

Previous articleVodafone ने पेश किया नया प्रीपेड प्लान, रोज मिलेगा 1.4GB डेटा
Next article14 जनवरी 2019 सोमवार , पंचांग एवं शुभ – अशुभ मुहूर्त