भिण्ड – (ईपत्रकार.कॉम) |अपर कलेक्टर श्री टीएन सिंह की अध्यक्षता में समय सीमा के प्रकरणों की समीक्षा बैठक आज जिला पंचायत भिण्ड के सभागार में आयोजित की गई है। इस बैठक मेहगांव श्रीमती सलोनी सडाना, भिण्ड श्री संतोष तिवारी, अटेर श्री अनिल बनवारिया, लहार श्री एमके शर्मा, गोहद श्री यूनिस कुर्रेशी तथा विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी, जिले के तहसीलदार, सीईओ जनपद, नगरीय निकायो के मुख्य नगर पालिका अधिकारी तथा नायब तहसीलदार उपस्थित थे।
अपर कलेक्टर श्री टीएन सिंह ने कहा कि सीएम हैल्पलाईन के विभिन्न विभागो में दर्ज प्रकरणों का निराकरण समय सीमा में किया जावे। उन्होंने कहा कि लेवल एक से लेकर चार तक के सभी विभागीय प्रकरणों का निराकरण करावे। जिससे सीएम हैल्पलाईन की पेडेंसी कम होगी। साथ ही संबंधितो को समय पर लाभ पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई के दौरान जिन जिन विभागो में आवेदन प्राप्त हुए है। उनका भी निराकरण सर्वोच्च प्राथमिकता पर किया जावे। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग के अन्तर्गत अविवादित नामांतरण, बटवारा के प्रकरण जिन जिन तहसीलो के क्षेत्र में अभी प्राप्त हुए है। उनका निराकरण राजस्व अधिकारी समय पर करें। साथ ही न्यायालयीन प्रकरणों का भी निष्पादन निर्धारित अवधि में किया जावे। उन्होंने कहा कि राजस्व अधिकारी अपने अपने क्षेत्र में वसूली कार्य में तेजी लावे। उन्होंने कहा कि डायवर्सन की वसूली समय पर की जावे।
अपर कलेक्टर श्री टीएन सिंह ने कहा कि राज्य सरकार की भावांतर भुगतान योजना के अन्तर्गत किसानों के 627 पंजीयन किए गए है। पंजीयन का कार्य निर्धारित तिथि तक जारी रखा जावे। अपर कलेक्टर ने समय सीमा से संबंधित विभिन्न प्रकार के प्रकरणों की समीक्षा की। साथ ही अधिकारियों को उनके निराकरण के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए।





























































