कलेक्टर श्री श्रीमन् शुक्ला ने आज 22 अगस्त 2017 को जिला पंचायत सभाकक्ष में जनसुनवाई की। जनसुनवाई में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री रविन्द्र चौधरी, संयुक्त कलेक्टर श्री ठाकरे ने भी सहयोग किया। कलेक्टर श्री शुक्ला ने जनसुनवाई में आए आवेदनों की समय सीमा तय कर संबंधित अधिकारियों को निराकरण के लिए निर्देशित किया। साथ ही कुछ आवेदनों पर मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर निराकरण करवाए गए। जनसुनवाई में कुल 150 आवेदकों ने अपनी समस्याओं से अवगत कराया।
अवैध लाईन हटवाने की मांग
जनसुनवाई में धार तहसील के ग्राम मसावदा निवासी श्री हेदर खॉ ने आवेदन दिया कि वे ग्राम मसावदा के निवासी है। गांव के ही विपक्षी द्वारा नागदा इंदौर फोरलेन पर एक होटल डाल रखा है। आवेदक ने बताया कि विपक्षी ने होटल में एक किलो मीटर दूर से अवैध रूप से खुले तार डालकर गैर कानूनी तरीके से लाइट कनेक्शन ले रखा है। खुले तार ग्राम के रोड के पास के घरो के समीप से जा रहे है। जिससे गंभीर दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। उन्होने विपक्षी को कई बार अवैध कनेक्शन हटा कर नियम से कनेक्शन लेने के लिए समझाया पर वह बात मानने को तैयार नही है। उन्होने निवेदन किया कि अवैध विद्युत कनेक्शन को हटवाया जाए। जिससे कोई गंभीर दुर्घटना न हो। इस मामले में कलेक्टर श्री शुक्ला ने विद्युत वितरण कम्पनी को आवश्यक कार्यवाही करने के लिए निर्देशित किया।
राशि दिलवाने की मांग
जनसुनवाई में तहसील धरमपुरी के ग्राम पिपल्याखुट निवासी श्री मुकेश पिता श्री बच्चुसिंह ने आवेदन दिया कि उन्होने रोजगार गांरटी के तहत रोड निर्माण कार्य के लिए पिपल्याखुट से हैलादय मार्ग के लिए अपना टैक्टर व ट्राली कार्य पर चलाया था। जिसका भुगतान आज दिनांक तक नही हुआ है। आवेदक ने बताया कि राशि के लिए उन्होने कई बार सरपंच व सचिव से कहा पर कोई कार्यवाही नही हुई। उन्होने निवेदन किया कि उन्हे उनकी राशि दिलवाई जाए। इस मामले में कलेक्टर श्री शुक्ला ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत को आवश्यक कार्यवाही करने के लिए निर्देश दिये।
अतिक्रमण हटवाने की मांग
जनसुनवाई धार के तात्याटोपे मार्ग निवासी श्रीमती मीनाक्षी फडनीस ने आवेदन दिया कि उनके मकान के पिछले हिस्से में शासकीय गली है जो कि सभी लोगो के आवागमन में उपयोग में की जाती है। आवेदिका ने बताया कि विपक्षी द्वारा गली में अतिक्रमण कर लिया है जिससे उनके मकान का रास्ता बंद हो गया है और उनके घर का डेªनेज भी बंद हो गया है उन्होने विपक्षी को अतिक्रमण हटाने के लिए कई बार कहा जिस पर विपक्षी झगडा करने लगाता है। उन्होने निवेदन किया कि अतिशीघ्र कार्यवाही की जाकर अतिक्रमण हटाया जाए। इस मामले में नगर पालिका अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही करने के लिए निर्देशित किया।
बीपीएल कार्ड बनवाने मांग
जनसुनवाई में धार तहसील के ग्राम धन्नडखुर्द निवासी श्रीमती माला पति स्व. श्री सतीश शर्मा ने आवेदन दिया कि उनके पति का बीमारी में निधन हो गया था। उनके परिवार में दो पुत्री व एक पुत्र है। दुर्घटना में चोटग्रस्त हो जाने से पुत्र कोई काम नही कर सकता है। परिवार की स्थिति दयनीय है। मकान भी किराए का है। आवेदिका जैसे तैसे मजदूरी करके अपना व परिवार का पालन पोषण करती है। आवेदिका का एपीएल कार्ड बना हुआ जिससे उन्हे सस्ता राशन नही मिलता है। उन्होने निवेदन किया कि उनका बीपीएल राशन कार्ड बनवाया जाए। इस मामले में कलेक्टर श्री शुक्ला ने एसडीएम धार को आवश्यक कार्यवाही करने के लिए निर्देशित किया।
अवैध निर्माण रूकवाने की मांग
जनसुनवाई गंधवानी तहसील के ग्राम इदला निवासी श्रीमती मेहरबाई पति मदनसिंह ने आवेदन दिया कि उनकी स्वयं की जमीन तहसील कुक्षी के ग्राम बाकी में है जो उनके नाम से है। उनकी जमीन पर विपक्षी द्वारा ताकत व बल पूर्वक अवैध मकान बनाने का प्रयास किया जा रहा है। विपक्षी द्वारा भवन निर्माण के लिए नींव भी खोद दी गई है। उन्होने विपक्षी को मकान बनाने से मना किय, जिस पर विपक्षी द्वारा झगडा किया। उन्होने निवेदन किया कि उनकी जमीन पर हो रहे अवैध निर्माण कार्य को रूकवाया जाए। इस मामले में कलेक्टर श्री शुक्ला ने एसडीएम कुक्षी को आवश्यक कार्यवाही करने के लिए निर्देशित किया।




























































