कलेक्टर श्री माल सिंह ने सभागार में जिले के दूर दराज अंचल तक से आये 165 लोगों से रूबरू होकर उनकी व्यथा सुनी तथा निराकरण के संबंध में संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर आवश्यक निर्देश दिए। जनसुनवाई में एसडीएम बांधवगढ़ श्री ऋषि पवार, आदिम जाति, नजूल, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, जिला शिक्षा अधिकारी, डीपीसी, सामाजिक न्याय, उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं, खाद्य, श्रम, कृषि, महिला बाल विकास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौके पर उपस्थित रहकर प्रकरणों के निराकरण में अपनी आस्था जताई।
कलेक्टर श्री सिंह ने प्रत्येक आवेदक को अपने बगल में बैठाकर उनकी विधिवत समस्याओं को सुना और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए कई समस्याओं का निराकरण भी कराया। जनसुनवाई में वार्ड नं. 15 चंदिया निवासी असफाक खान ने पार्षद इसरत खान द्वारा खाद्य सुरक्षा का लाभ लेने की जांच कराने, दिव्यांग राम नरायण गौतम निवासी सस्तरा ने पुत्री सुब्रतो गौतम को कापी किताब एवं बस्ता दिलाने, खुद को व्हील चेयर दिलाने, परसादी सिंह निवासी रहठा ने भूमि का पट्टा दिलाने, सरपंच बरबसपुर ने रोजगार सहायक संतोष रैदास को काम नही करने का आरोप लगाते हुए पद से हटाने, जयदेव गौतम घोघरी ने रंजना गौतम शिक्षिका मझगवां पर हुई कार्यवाही को माफ करने, मोहनलाल दासवानी ने गोमटी रखने की जगह दिलाने की मांग की है।
कलेक्टर श्री माल सिंह ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया है कि कुत्ता काटने के इंजेक्शन निशुल्क लगाएं वहीं महिला बाल विकास अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि संबंधित आंगनबाडी कार्यकर्ता के विरूद्ध कार्यवाही करे।
बेवा किशनबाई की जमीन पर घर बनाना अजय विश्वकर्मा को मंहगा पड़ा
बेवा किशनबाई गोंड निवासी मलियागुडा ने इस आशय की शिकायत की है कि उसकी निजी भूमि में अजय विश्वकर्मा जबरन मकान निर्माण करा रहा है और मना करने पर मारपीट की धमकी देना, गाली गालौच करना और देख लेने की धमकी देता है।
कलेक्टर श्री माल सिंह ने इस शिकायत के प्रति संवेदनशील होकर गंभीरता से लेते हुए तत्काल तहसीलदार पाली को मोबाइल से बात कर यह निर्देश दिए कि अविलंब पुलिस बल ले जाकर अतिक्रमण कारक का मकान धराशाई करें और उसके विरूद्ध पुलिस में प्रकरण दर्ज कर त्वरित दण्डात्मक कार्यवाही करें।
कलेक्टर ने बेवा किशनबाई गोंड से यह भी कहा है कि यदि अतिक्रामक इसके बावजूद किसी प्रकार की छति पहुचाए या मारने पीटने की धमकी दे तो कलेक्टर के मोबाइल नंबर पर अविलंब सूचना दें ताकि उस असामाजिक व्यक्ति के विरूद्ध कठोर दण्डात्मक कार्यवाही कराई जा सके। कलेक्टर की इस कार्यवाही से बेवा किशन बाई के चेहरें में खुशियां दिखाई दी और कलेक्टर के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।



























































