अलिराजपुर– (ईपत्रकार.कॉम) |जय किसान ऋण माफी योजना के तहत कृषि उपज मंडी अलीराजपुर में तहसील स्तरीय किसान सम्मेलन का आयोजन हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि म.प्र. शासन में नर्मदा घाटी विकास एवं पर्यटन विभाग मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री सुरेन्द्र सिंह बघेल थे। सम्मेलन में विशेष अतिथि विधायक झाबुआ क्षेत्र श्री कांतिलाल भूरिया, विधायक श्री मुकेश पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सेना पटेल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्री महेश पटेल थे। किसान सम्मेलन का शुभारंभ अतिथिगण ने मां सरस्वती की प्रतिमा का पूजन, दीप प्रज्जवलन और पुष्पमाला अर्पित करके किया। कार्यक्रम में अतिथिगण ने बालिकाओं का पूजन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिले के प्रभारी मंत्री श्री बघेल ने प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी देते हुए कहा प्रदेश सरकार अपने वचन अनुरूप किसानों के ऋण माफ कर रही है। उक्त सम्मेलन के माध्यम से द्वितीय चरण में 5 हजार 352 किसानों को 34 करोड 27 लाख रूपये का कर्ज माफ किया जा रहा है। उन्होंने कहा इसके पश्चात तृतीय चरण में किसानों के कर्ज की माफी भी होगी। उन्होंने कहा प्रदेश सरकार किसानों के साथ साथ प्रत्येक वर्ग के हितों के लिए प्रतिबद्ध है। आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र में विकास भी अपार संभावनाएं है। मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ क्षेत्र के विकास हेतु लगातार काम कर रहे है। उन्होंने बताया डही में टन्टीयां मामा उदवहन सिंचाई योजना से कुक्षी के साथ-साथ अलीराजपुर और जोबट क्षेत्र के कई ग्रामों को नर्मदा का जल मिलेगा। जिससे क्षेत्र की सिंचाई और पेयजल संबंधित समस्याओं का समाधान होगा। इससे क्षेत्रवासियों को रोजगार के साथ-साथ पलायन रूकेगा। उन्होंने बताया प्रदेश सरकार महिला स्वयं सहायता समूहों को सक्षक्त और सक्षम बनाने के लिए विशेष प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा समूहों का भी कर्ज माफ होगा। उन्होंने कहा जन जाति समाज के बच्चों और परिवारों को आगे बढाने के लिए क्षेत्र में कई योजनाएं प्रारंभ की जाएगी। उन्होंने प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं का जिक्र करते हुए मदद योजना के माध्यम से मिलने वाले बरतनों से ग्रामीण क्षेत्र में सामाजिक कार्यों में उक्त बरतनों का उपयोग होगा, जिससे ग्रामीणों को सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा आने वाला समय नौजवान पीढी का है प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार के लिए विभिन्न संसाधन तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम को झाबुआ क्षेत्र विधायक श्री कांतिलाल भूरिया ने संबोधित करते हुए कहा प्रदेश सरकार क्षेत्र सहित प्रदेश के विकास के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी देते हुए प्रदेश सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने का सभी से आह्वान किया। कार्यक्रम को विधायक श्री मुकेश पटेल ने संबोधित करते हुए कहा प्रदेश सरकार ने अपना वचन निभाया, जिससे जिले के बडी संख्या में किसानों की कर्ज माफी हुई। जो गरीब किसानों के लिए बहुत बडी मदद और सौगात है।
कार्यक्रम को अलीराजपुर नपा अध्यक्ष श्रीमती सेना पटेल एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्री महेश पटेल ने संबोधित करते हुए कहा प्रदेश सरकार ने प्रथम चरण में हजारों किसानों के कर्ज की माफी की। इसके बाद द्वितीय चरण में भी बडी संख्या में किसानों को कर्ज माफी योजना का लाभ मिला है। उन्होंने प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताया। कार्यक्रम में अतिथिगण का पुष्पमाला, साफा बांधकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती सुरभि गुप्ता ने स्वागत उदबोधन एवं जय किसान ऋण माफी के द्वितीय चरण में लाभान्वित होने वाले किसानों के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती गुप्ता एवं पुलिस अधीक्षक श्री विपुल श्रीवास्तव ने प्रभारी मंत्री श्री बघेल को पिथौरा पेन्टींग भेंट की। कार्यक्रम में बडी संख्या में गणमान्यजन, जनप्रतिनिधिगण, ग्रामीणजन, अधिकारी और कर्मचारी गण उपस्थित थे।
कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टॉल लगाए गए थे। अतिथिगण ने भी उक्त स्टॉलों का अवलोकन किया। अतिथिगण का पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ स्वागत किया गया। बालिकाओं ने भगोरिया नृत्य की प्रस्तुति दी। किसान सम्मेलन के अवसर पर बडी संख्या में हितग्राहियों को जय किसान ऋण माफी योजना के किसान सम्मान पत्र तथा विभिन्न योजनाओं के हितलाभों का वितरण किया। इसमें जय किसान ऋण माफी के किसान सम्मान पत्र, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के 32 हितग्राही, तीन हितग्राहियों को ट्रॉइसीकल वितरण, 50 हितग्राहियों को वर्मी कम्पोस्ट एवं मेढबंधान स्वीकृति पत्र, मुख्यमंत्री मदद योजना के तहत 10 ग्रामों के लिए बर्तन, अर्बन मिशन के तहत एक पिकअप वाहन, मदद योजना के तहत 13 हितग्राहियों को अनाज वितरण, 193 हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं संबंधित हितलाभ, 5 हितग्राहियों को पशुपालन विभाग की योजना के हितलाभ स्वीकृति पत्र, आजीविका मिशन के 4 समूहों को तीन-तीन लाक्ष ऋण स्वीकृति पत्र, 5 हितग्राहियों को लाडली लक्ष्मी योजना के प्रमाण पत्र, 2 किसानों को कृषि यंत्र, 5 हितग्राहियों को मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत ऋण स्वीकृति पत्र, 7 हितग्राहियों को प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत डीप सहित अन्य हितलाभ हितग्राहियों को वितरित किये गए।





























































