कलेक्टर ने किया विक्टोरिया अस्पताल का औचक निरीक्षण

0

जबलपुर – ईपत्रकार.कॉम |कलेक्टर श्रीमती छवि भारद्वाज ने आज सुबह जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने इस दौरान ड्यूटी से अनुपस्थित मिले चिकित्सकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश मुख्य चिकित्सा अधिकारी को दिये हैं।

श्रीमती भारद्वाज आज सुबह 9.30 बजे औचक निरीक्षण के लिए विक्टोरिया अस्पताल पहुंची थीं। विक्टोरिया पहुंचते ही उन्होंने सीधे अस्पताल के बाह्र रोगी कक्ष का रूख किया। वे सबसे पहले नेत्ररोग विभाग की ओ.पी.डी. गई। यहां डॉ. अमरराज सोनकर, डॉ. डी.पी. गूजर और डॉ. सलभ श्रीवास्तव को अनुपस्थित पाये जाने पर उन्होंने अप्रसन्नता व्यक्त की। कलेक्टर ने नेत्ररोग विभाग के तीनों चिकित्सकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश मुख्य चिकित्सा अधिकारी को दिये।

श्रीमती भारद्वाज को मेडिसिन विभाग की ओ.पी.डी. के निरीक्षण में भी मेडिकल स्पेशियलिस्ट डॉ. राजकुमार चौधरी, डॉ. संदीप भगत और डॉ. अखिलेश तिवारी उपस्थित नहीं मिले। उन्हें इन चिकित्सकों के राउण्ड पर होने की जानकारी दी गई। कलेक्टर ने ओ.पी.डी. के समय ओ.पी.डी. में मौजूद रहने की बजाय इन चिकित्सकों के राउण्ड पर होने को अव्यवहारिक बताते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को इस बारे में वस्तुस्थिति से अवगत कराने के निर्देश दिये हैं।

कलेक्टर ने नेत्ररोग और मेडिसिन विभाग की ओ.पी.डी. के बाद मानसिक रोग विभाग की ओ.पी.डी. का भी निरीक्षण किया। यहां भी डॉ. रमेश बुरारिया और डॉ. स्वाति मुखर्जी के अनुपस्थित मिलने पर दोनों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश मुख्य चिकित्सा अधिकारी को दिये। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को चिकित्सकों से कारण बताओ नोटिस के मिले जबाबों को अपने अभिमत सहित उनके समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिये हैं।

कलेक्टर ने औचक निरीक्षण में अस्पताल की ओ.पी.डी. में इलाज कराने आये रोगियों और उनके परिजनों से भी चर्चा की तथा अस्पताल में मिल रही सुविधा और दवाइयों की उपलब्धता के बारे में जानकारी हासिल की। श्रीमती भारद्वाज ने अस्पताल के चिकित्सा अधिकारियों को डॉक्टरों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने की सख्त हिदायत अपने निरीक्षण के दौरान दी। उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों को दवाइयों की उपलब्धता भी बनाये रखने के निर्देश इस अवसर पर दिये।

Previous articleसंभागायुक्त श्री राघवेन्द्र सिंह ने एमवाय अस्पताल का किया आकस्मिक निरीक्षण
Next articleजेईई एडवांस परीक्षा के लिए आयोजित विशेष कक्षाओं का समापन

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here