कलेक्टर ने त्योहारों को शांति और सदभाव के साथ मनाने की अपील की

0

रीवा- (ईपत्रकार.कॉम) |आगामी 30 सितम्बर को दशहरा और एक अक्टूबर को मोहर्रम त्यौहार के मद्देनजर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर प्रीति मैथिल नायक ने की। बैठक में पुलिस अधीक्षक ललित शाक्यवार सहित वरिष्ठ अधिकारी और शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे।

इस अवसर पर कलेक्टर ने कहा कि इन त्योहारों को शांति और सदभाव के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने बताया कि दशहरा पर्व के दौरान निकलने वाला चल समारोह पारंपरिक स्थानों से ही होकर गुजरेगा। चल समारोह शाम 6 बजे उपरहटी स्थित किला से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों से होते हुये रात्रि में एनसीसी ग्राउण्ड पहुंचेगा। जहां पर रावण वध का मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। वहीं दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन 30 सितम्बर को दशहरा के दिन किया जायेगा। किन्हीं कारणों से दशहरा के दिन नहीं विसर्जित होने वाली दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन अगले दिन एक अक्टूबर को दोपहर एक बजे तक किया जा सकेगा। इसके पश्चात दोपहर दो बजे से मोहर्रम का जुलूस निकाला जायेगा।

इस दौरान कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को इन दोनों त्यौहारों के मद्देनजर सभी निर्धारित स्थानों पर साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत और सड़कों की मरम्मत, पर्याप्त पुलिस बल आदि व्यवस्थाओं के संबंध में निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन हेतु पर्याप्त पानी की उपलब्धता रहेगी। प्रतिमाओं का विसर्जन विश्वकर्मा घाट घोघर और छतुरिया घाट में बनाये गये कुण्डों में किया जायेगा।

पुलिस अधीक्षक ने दोनों त्योहारों को देखते हुये सुरक्षा की दृष्टि से पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था के लिये समिति के सदस्यों को आश्वस्त किया। शांति समिति के सदस्यों की ओर से भी त्योहारों के संबंध में सुझाव और समस्यायें जिला प्रशासन के समक्ष रखी गई। जिन पर आवश्यक कार्यवाही किये जाने का आश्वासन जिला प्रशासन द्वारा दिया गया।

Previous articleजिला योजना 2018-19 हेतु जानकारी तत्काल तैयार करें – कलेक्टर
Next articleसमस्त नगर पालिकाएं शेष बचे शौचालयों का निर्माण अनिवार्य रूप से करा लें- कलेक्टर

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here