सीधी- (ईपत्रकार.कॉम) |कलेक्टर दिलीप कुमार ने शहरी विकास विभाग और नगर पालिका के बैठक की अध्यक्षता करते हुए निर्देश दिये कि जन भागीदारी योजना के तहत नगर पालिका शहर के सौंदर्यीकरण का काम हाथ मे लें साथ ही पर्यटन को बढावा देने के लिए निर्माण कार्य किया जाय। उन्होंने रामपुर नैकिन के सी.एम.ओ. को तालाब गहरीकरण कराकर चारोतरफ पाट को पक्का किया जाय और उसमें लाईट लगाई जाय। मझौली के सी.एम.ओ. को निर्देश दिया कि तालाब एवं बसस्टैण्ड को विकसित किया जाय। बैठक में अपर कलेक्टर डी.पी. वर्मन,सी.एम.ओ. मकबूल खान सहित समस्त सी.एम.ओ. उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री कुमार ने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान के अर्न्तगत अनिवार्य रूप से 30 सितम्बर तक समस्त नगर पालिकाएं शेष बचे शौचालयों का निर्माण अनिवार्य रूप से करा लें। नगर पालिका सीधी के सी.एम.ओ. ने बताया कि नगर पालिका द्वारा इन्टेकवेल का, फिल्टर प्लांट का कार्य कराया जा रहा है। अतिशीघ्र सीधी नगरवासियों को पेयजल उपलब्ध कराया जायेगा। इसके लिए 24 वाडों में पाइप लाइन विछाने का कार्य किया जा चुका है। तीन ओवरहेड टैंक का निर्माण किया गया है। और तीन पम्प लगाए गये हैं।
कलेक्टर ने निर्देश दिये कि नगरीय क्षेत्रों में चलाये जा रहे विशेष सफाई अभियान के दौरान वास्तविक रूप से साफ-सफाई कराई जाय नालों एवं नालियों की बेहतर ढंग से सफाई कराई जाय। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अन्तर्गत शहरी आवासहीन नागरिकों को क्लस्टर आधार पर आवास स्वीकृत करने के लिए शासकीय भूमि की पहचान की जाय ताकि उसे आवंटित किया जा सके। स्वरोजगार योजना के प्रगति की समीक्षा के दौरान बताया गया कि मुख्यमंत्री आर्थिक कल्याण योजना के अन्तर्गत नगर पालिका सीधी को बीस लाख रूपये का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। इसके विरूद्ध बैकों द्वारा 21 लाख रूपये के प्रकरण स्वीकृत किये गये हैं। रामपुर नैकिन को 14 लाख रूपये, चुरहट को 10 लाख रूपये और मझौली को 11 लाख रूपये का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने निर्देश दिये कि प्राप्त लक्ष्य के विरूद्ध प्रकरणों को तैयार कर बैंकों में प्रेषित किया गया। और बैंक द्वारा प्रकरण स्वीकृत कर वितरित किया जाय। कलेक्टर श्री कुमार ने कहा कि जिले में सेन्टरिंग के प्रकरण तैयार करने को प्राथमिकता दी जाय।
उन्होंने निर्देश दिये कि आनेवाले त्यौहार दशहरे के दिन दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाना है। अतः नगर पालिका के सी.एम.ओ. कुलदहा, शिकारगंज, गउघाट, एवं जोगदहा तथा टिकरी के घाटों में पर्याप्त रूप से साफ सफाई करायें तथा लाईटिंग एवं पंण्डाल की व्यवस्था करें तथा सम्बन्धित क्षेत्र के राजस्व अधिकारी से समन्वय बनायें। सी.एम. हेल्पलाइन में प्राप्त प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा के दौरान निर्देश दिये गये कि शिकायतकर्ता से दूरभाष से बात करने के उपरांत उसे संतुष्ट कर शिकायत का निराकरण किया जाय। इसके साथ ही समाधान ऑनलाइन तथा जनसुनवाई के प्रकरणों का निराकरण किया जाय।






























































