रीवा – ईपत्रकार.कॉम |जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मयंक अग्रवाल ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनसुनवाई में 65 आवेदन पत्रों की सुनवाई की। जनसुनवाई में प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास, मुआवजे की राशि दिलवाने, वेतन भुगतान, शौचालय की राशि, मध्यान्ह भोजन के लिये खाद्यान्न, सहायता राशि, नियुक्ति पत्र दिलवाने, पेंशन प्रकरण निराकरण कराने, सीमांकन, खराब पड़े हैण्डपंप की मरम्मत करवाने, अति गरीबी का राशन कार्ड, सिचिंत दर पर मुआवजा दिलवाने, रसोईये के मानदेय का भुगतान करवाने के आवेदन पत्रों की सुनवाई की। सी.ई.ओ. ने आवेदन पत्रों का तुरंत निराकरण करने के निर्देश दिये तथा जनसुनवाई में प्राप्त आवेदन पत्रों का निराकरण कर ऑनलाइन दर्ज करने एवं आवेदकों को सूचित करने के लिये कहा। जनसुनवाई में नगर निगम आयुक्त सौरभ कुमार सुमन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
जनसुनवाई में सेमरिया के ग्राम बरौ की दुआरी सोनी ने प्रधानमंत्री आवास दिलवाने, हनुमना के अटरिया ग्राम के रामजतन ने पुत्री की हत्या के उपरांत सहायता राशि दिलवाने, हुजूर तहसील के ग्राम सगरा के जगदीश प्रसाद मिश्र ने मुआवजा राशि का भुगतान दिलवाने, गोविंदगढ़ की साविया सिद्दीकी ने आंगनवाड़ी दीदी में चयन होने के पश्चात नियुक्ति आदेश दिलवाने, देवेन्द्र प्रताप सिंह सहायक ग्रेड-दो ने सेवानिवृत्ति के उपरांत पेंशन का निर्धारण कराने, जवा के कोटवा ग्राम के वरूण प्रताप सिंह ने भूमि का नक्शा व ट्रेस के उपरांत सीमांकन कराने, सेमरिया के हरिहर प्रसाद द्विवेदी ने खराब हैण्डपंप की मरम्मत कराने, रामकृपाल ने मुआवजा दिलवाने, गंगेव पचोखर के राजेश कोल ने शांतिधाम बनवाने, रीवा के राम सजीवन साहू ने कृषि महाविद्यालय में पुन: दैनिक वेतन भोगी के पद पर नियुक्त कराने, मऊगंज शिवपुरवा के संजय श्रीवास्तव ने स्वच्छ भारत अभियान के तहत शौचालय का निर्माण कराने के उपरांत भुगतान दिलवाने, मालवार की सरस्वती देवी ने प्राथमिक शाला में मध्यान्ह भोजन के लिये खाद्यान्न दिलवाने, चिरहुआ के आनन्द पाण्डेय ने अति गरीबी का राशन कार्ड बनवाने, तेदुआ मनगवां के रामसजीवन ने सिचिंत दर से मुआवजा दिलवाने, हुजूर तहसील के ग्राम इटौरा की प्रेमवती पटेल ने अराजी नं. 66572 रकवा 0.129 हेक्टेयर से अवैधानिक कब्जा हटाते हुये भूमि का सीमांकन कराने, सिरमौर की उमा चतुर्वेदी ने सॉझा चूल्हा के अंतर्गत कार्यरत रसोईये का जून माह से मानदेय भुगतान कराने, नईगढ़ी जोरौट के रामदुलारे ने गरीबी रेखा का राशन कार्ड बनवाने एवं प्रधानमंत्री आवास का लाभ दिये जाने का आवेदन दिया । जिला पंचायत सी.ई.ओ. ने उपरोक्त आवेदनों को निराकरण के लिये संबंधित अधिकारियों के पास भेज कर जल्द कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं।































































