सीहोर – ईपत्रकार.कॉम |मंगलवार को कलेक्टर श्री गणेश शंकर मिश्रा के निर्देशानुसार जनसुनवाई आयोजित की गई। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जनसुनवाई के दौरान नए आवेदकों के प्रकरण मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एवं अपर कलेक्टर श्री वी.के.चतुर्वेदी द्वारा निराकृत किये गये। कलेक्टर ने जिला पंचायत सभाकक्ष में जनसुनवाई के उन प्रकरणों का निराकरण किया जो पूर्व से दर्ज थे। जनसुनवाई में सीएम हेल्पलाइन पर लंबित प्रकरणों को लेकर संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित थे। अधिकारी अपने साथ कलेक्टर के निर्देशानुसार शिकायतकर्ताओं को भी लाए थे।
राजस्व विभाग से संबंधित कुछ प्रकरणों का त्वरित निराकरण कर जानकारी सीएम हेल्प लाइन पोर्टल पर डाली गई। कलेक्टर ने जिले के सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने संचालनालय स्तर पर लंबित प्रकरणों को व्यक्तिगत तौर पर भोपाल जाकर निराकृत करवाएं।
सीएम हेल्प लाइन पर यदि शिकायत निचले स्तर से उच्च स्तर पर बिना कार्यवाही के पहुंचती है तो संबंधित अधिकारी को 500 रुपये दण्ड स्वरूप देने होंगे, ऐसे निर्देश कलेक्टर ने दिये। कलेक्टर ने यह भी निर्देशित किया कि सभी अधिकारी स्वयं ही प्रकरणों को समझें जिससे उचित निराकरण किया जा सके। अगली जनसुनवाई तक सीएम हेल्प लाइन पोर्टल पर दर्ज शिकायतें 50 प्रतिशत निराकृत करने का लक्ष्य कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को दिया है।






























































