रीवा – ईपत्रकार.कॉम |जिले की सभी शालाओं में 12 जनवरी को सामूहिक सूर्य नमस्कार का आयोजन किया जायेगा। कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर ओमप्रकाश श्रीवास्तव ने अधिकारियों को सूर्य नमस्कार की तैयारियों के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद के जन्मदिन 12 जनवरी को युवा दिवस के अवसर पर जिला स्तर पर स्थानीय उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक एक के मैदान में सामूहिक सूर्य नमस्कार का आयोजन किया जायेगा। जिला शिक्षा अधिकारी इसके लिये आवश्यक प्रबंध करें। शासन द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रात: 9 बजे से प्रात: 10.30 बजे तक सामूहिक सूर्य नमस्कार का आयोजन किया जायेगा। प्रत्येक शाला में इसका आयोजन सुनिश्चित करें। इसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भी गरिमामय उपस्थिति सुनिश्चित करें। सामूहिक सूर्य नमस्कार में कक्षा 6 से 12वीं तक के विद्यार्थी तथा महाविद्यालय के विद्यार्थी शामिल होंगे। प्राथमिक कक्षाओं के विद्यार्थी इसमें शामिल नहीं होंगे। कार्यक्रम में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को प्रशिक्षित शिक्षक के मार्गदर्शन में सूर्य नमस्कार का पूर्वाभ्यास करायें।
कलेक्टर ने कहा कि सामूहिक सूर्य नमस्कार के लिये मार्गदर्शी बुकलेट जारी कर दी गई है। जिला शिक्षा अधिकारी इसका सभी शालाओं में वितरण करायें। इस कार्यक्रम में स्वयं सेवी संस्थाओं की भी भागीदारी सुनिश्चित करें। सामूहिक सूर्य नमस्कार के आयोजन के बाद शालावार प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। योग एवं उसके माध्यम से स्वास्थ्य के प्रति चेतना जागृत करने के उद्देश्य से सूर्य नमस्कार का आयोजन किया जा रहा है। इसमें अधिक से अधिक संख्या में विद्यार्थियों जनप्रतिनिधियों तथा गणमान्य नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करें। बैठक में सीईओ जिला पंचायत मयंक अग्रवाल, अपर कलेक्टर बी.के.पाण्डेय, अपर कलेक्टर इला तिवारी, एसडीएम हुजूर बलवीर रमन, नगर निगम कमिश्नर आरपी सिंह सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।































































